शिक्षकों के समय से विद्यालय नहीं पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को कैंपियरगंज स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहनाग में ताला लगा दिया। ग्रामीणों ने परिसर में जमकर हंगामा किया और उप जिलाधिकारी से शिकायत कर शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की। गांव के लोगों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक कभी भी समय से नहीं पहुंचते हैं। रसोइया ही विद्यालय का ताला खोलती है।
कैंपियरगंज संवाददाता के अनुसार रोजाना की भांति शिक्षक जब समय से विद्यालय नहीं पहुंचे तो गांव के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। सुबह 10 बजे के आसपास ग्राम प्रधान पारसनाथ के नेतृत्व में आत्माराम, जगरनाथ, बबलू, राधेश्याम, दुर्विजय, राम सोनकर, दीनानाथ, भुवाल, श्रीराम और रामलखन आदि ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और ताला लगा दिया।
काफी विलंब से विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक के साथ गांव के लोगों की मौके पर ही नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कहा कि वह रोजाना इसी समय विद्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद गांव के लोगों ने उप जिलाधिकारी से मिलकर शिक्षकों के खिलाफ शिकायत की है। उनका कहना है कि शिक्षकों के चलते बच्चों का भविष्य चौपट हो रहा है। विद्यालय में 128 छात्र पंजीकृत हैं। प्रधानाध्यापक सतीश गुप्ता के अलावा दो सहायक अध्यापक तैनात हैं। प्रधानाध्यापक रोजाना सुबह आठ की बजाय दोपहर 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं। महिला सहायक शिक्षक 15 दिन में एक बार स्कूल आती हैं। पुरुष सहायक अध्यापक किसी तरह बच्चों को संभालते हैं। प्रतिदिन रसोइया ही विद्यालय का ताला खोलती है। कहीं कोई नोटिस लेने वाला नहीं है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम प्रधान ने उन्हें जानकारी दी है। सोमवार को वह खुद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
No comments:
Write comments