लाठियां खाकर भी डटी रहीं
राज्य कर्मचारी घोषित करने समेत 16 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेश भर से आई कई हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दोपहर बारह बजे से देर रात तक विधानसभा मार्ग को जाम कर रखा। इस दौरान पुलिस से उनकी कई बार झड़प हुई, लेकिन वह सड़क से हटी नहीं। पुलिस ने वॉटर कैनन की मदद ली। लाठीचार्ज भी किया। तो प्रदर्शनकारी महिलाओं ने भी जवाबी हमला करते हुए पुलिस पर पत्थर और लाल मिर्च पाउडर फेंका। इस बीच उन्होंने राजभवन व मुख्यमंत्री आवास घेरने का प्रयास किया। हालात पर काबू पाने के लिए हजरतगंज पुलिस ने देर रात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष गीतांजली मौर्या समेत दर्जनों महिलाओं को गिरफ्तार कर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।1दिन भर चले जाम प्रदर्शन से लोगों को आवागमन में परेशानी भी हुई। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन उप्र के बैनर तले हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने राजधानी में डेरा डाला था। सुबह से ही विभिन्न जिलों से प्रदर्शनकारी महिलाएं हजरतगंज के गांधी पार्क में जुटने लगीं थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न होने पर वह सड़क पर आ गईं। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों का एक दल भाजपा मुख्यालय जाकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगा। पुलिस ने यहां से उन्हें बाहर निकाला, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं हजरतगंज चौराहे से लेकर प्रधान डाकघर के बाहर सड़क पर एकत्र रहीं। शाम को पुलिस ने महिलाओं को सड़क से हटाने के लिए वॉटर कैनन की मदद ली, लेकिन उसका भी जब असर नहीं दिखा तो लाठीचार्ज किया गया। इससे भगदड़ मच गई और कई राहगीर भी चोट खा गए। देर रात तक महिलाएं विधानसभा मार्ग पर कब्जा जमाए हुए थीं।
No comments:
Write comments