जासं, कौशांबी : महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर रविवार को मंझनपुर ब्लाक में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष माया सिंह ने किया। उन्होंने पिछले कई वर्षो से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर हो रहे शासन व प्रशासन के उत्पीड़न को मुद्दा उठाया और कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि पांच अगस्त को इलाहाबाद में होने वाले धरना प्रदर्शन में सभी को शामिल होना है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार आंगनबाड़ी योजना को बिल्कुल खोखला करना चाह रही है। प्रदेश में तीन लाख 60 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका हैं, उनका शोषण किया जा रहा है। आला अफसर मनमाने तरीके से मानदेय काट लेते हैं। साथ ही सेवा से हटाने की धमकी देते हैं। शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी संघ को न्यूनतम वेतन से कम से कम कोई भी समझौता मंजूर नहीं होगा। जब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआं को राज्य कर्मचारी घोषित नहीं किया जाता और न्यूनतम 18 हजार रुपये पेंशन व अन्य सामाजिक सुरक्षा के साथ केंद्र से आ रहे बच्चों के लिए जूता, मोजा, कपड़े व गुणवततापूर्ण पोषाहार का लाभ नहीं मिलता तब तक वह संघर्ष करती रहेंगी। बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजना दीक्षित, जिला महामंत्री सुषमा सिंह, रेनू प्रजापति, शालिनी श्रीवास्तव, मंजू देवी, सविता देवी, पुष्पा देवी, अर्चना सरोज, प्रेमा देवी, सुधा कुशवाहा आदि मौजूद रहीं।
No comments:
Write comments