जागरण संवाददाता, फतेहपुर : परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियों के साथ अब बच्चों को योगाभ्यास व खेलकूद की शिक्षा भी दी जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया गया है। एक सप्ताह में व्यवस्था लागू की जानी है।
आदेश के मुताबिक प्रतिदिन स्कूलों में प्रार्थना सभा से पहले बच्चों को योगाभ्यास कराया जाएगा। दोपहर में छुट्टी से पहले खेलकूद की गतिविधियां होंगी। इसमें लापरवाही मिलने पर शिक्षक व प्रधानाचार्यो पर कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने आदेश मिलने के बाद सभी खंड शिक्षाधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।
यह मिलेगा लाभ: परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच ब्लाक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। खेल के बारे में जानकारी न होने के चलते इन प्रतियोगिताओं में परिषदीय स्कूलों के बच्चों की संख्या बेहद कम होती है। इसमें सुधार के लिए योजना कारगर सिद्ध हो सकती है। इसके अलावा योगाभ्यास से उन्हें फिट रहने में मदद मिलेगी।
कंपोजिट स्कूल खेलदार ’ जागरण
योगाभ्यास व खेलकूद गतिविधियां कराने का निर्णय बेहद अच्छा है। इससे बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होगा। जल्द ही व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
शिवेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए।