महराजगंज : छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ कानून की भी जानकारी रखनी चाहिए। कानून की शिक्षा के बिना ज्ञान अधूरा है। ये बातें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने जूनियर हाई स्कूल खजुरिया, फरेंदा में आयोजित विधिक जागरूकता व चिकित्सा शिविर में कहीं। सचिव ने कहा कि आज की छात्र कल की महिला है। महिलाओं को अपने अधिकार के साथ कर्तव्य का भी बोध होना चाहिए। महिलाओं को परिवार में सौहार्द व प्रेम का वातावरण बनाना चाहिए। बड़ों की सही बातों के आगे झुकना अच्छी बात है। झुकने से हर तरह के विवाद खत्म हो जाते हैं और प्रेम व भाईचारा बढ़ता है। झुकता वही है जिसमें जान होती है, अकड़ना मुर्दे की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि संविधान में बच्चों को तमाम अधिकार प्रदान किए गए हैं। अधिकारों को जानने वाला ही उसका उपयोग कर सकता है। इसलिए सभी बच्चों को अनुशासन में रहते हुए अपने अधिकार जानने की कोशिश करनी चाहिए। स्कूल में अनुशासन जरूरी है क्योंकि बिना अनुशासन के कोई भी व्यक्ति समाज में महत्वपूर्ण नहीं बन सकता। अधिवक्ता प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बच्चों व महिलाओं के लिए बने कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व अवनीश नारायण त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ कानून की जानकारी भी रखनी चाहिए। उपनिरीक्षक आके विजन सिंह ने महिला हेल्प लाइन, पुलिस हेल्प लाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि संकट पड़ने पर इस नंबर पर फोन करने के 10 मिनट के भीतर पुलिस पहुंच जाएगी और मदद करेगी। डा. विशाल चौधरी ने इंसेफेलाइटिस व डेंगू रोग से बचाव की जानकारी दी। संचालन अधिवक्ता मो.माहताब खां ने किया। इस अवसर पर डा. प्रदीप कुमार, सर्वदा तिवारी, डा. आसमा, एएनएम पूनम राय, रत्नावली पटेल, हासिम अंसारी, खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार, प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, सहायक अध्यापक जूही श्रीवास्तव, अनुदेशक नरसिंह प्रसाद, योगेंद्रनाथ, निवेदिता सिंह, मीना राय, धर्मेंद्र कुमार, प्रज्ञा श्रीवास्तव, पूजा शाही, नेहा गौड़, शाहिदा खातून, नीलम पटेल, विनीत उपाध्याय व सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
No comments:
Write comments