महराजगंज : उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं(पावर एंजिल) को सशक्त बनाना ही मीना मंच का उद्देश्य है। जिलास्तरीय मीना पंचायत में विद्यालयों से चुनकर आई बालिकाएं स्वयं के अधिकार को जानें तथा विद्यालय की अन्य बालिकाओं को भी उनके अधिकारों से अवगत कराएं। यह बातें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बुधवार को गोरखपुर रोड स्थित एक विवाह भवन में आयोजित जिला स्तरीय मीना पंचायत को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित करना हमारा कर्तव्य है। महिला थानाध्यक्ष शीला यादव ने कहा कि जागरूक रहकर बालिकाएं स्वयं के साथ दूसरों की भी मदद कर सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं को वोमेन पावर हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम आदि के बारे में विस्तार से बताया। एसएसए के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी उपेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ते हुए उनके अधिकारों को बताने की आवश्यकता है। बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक महेंद्र वर्मा ने कहा कि पंचायत के माध्यम से बालिकाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास हो रहा है। रेयाज अहमद खां ने कहा कि बालिकाएं अपने आत्मबल को बढ़ाकर जीवन में आगे बढ़ सकती हैं। संदर्भदाता रवींद्र शर्मा ने कविता के माध्यम से बालिकाओं को पर्यावरण की जानकारी दी। वंदना मिश्र ने बच्चों को जागरूक किया। अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बच्चों का परिचय प्राप्त किया। नीलम त्रिपाठी ने अभियान गीत के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया। संचालन पंकज मौर्य ने किया। इस दौरान विनीत मोहन, सुनील पांडेय, चंद्रप्रकाश तथा प्रतिभाग कर रही छह ब्लाक की बालिकाएं मौजूद रही।
No comments:
Write comments