जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दे रहे निजी प्रबंध, अशासकीय विद्यालय कल्याण समिति के सदस्यों व खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव के बीच सोमवार को कहासुनी के बाद तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और संचालकों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने संचालकों पर लाठियां चलाईं, इससे भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी रामकेवल तिवारी व पुलिस अधीक्षक लाल साहब यादव ने घटना की जानकारी ली और कार्रवाई का निर्देश दिया। हुआ यूं कि अशासकीय विद्यालय कल्याण समिति के सदस्य सुबह दस बजे बीएसए दफ्तर के समक्ष उपस्थित हुए, और मांगों को लेकर गेट पर धरने पर बैठ गए। संचालकों का आरोप है कि बिना मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों का विभाग उत्पीड़न कर रहा। जांच के नाम पर धन उगाही की जा रही है। इसी बीच दफ्तर जाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव पहुंचे और धरना दे रहे संचालकों से गेट से हटने को कहा। आरोप है कि इसे लेकर संचालकों व बीईओ के बीच कहासुनी हुई। संचालक आक्रोशित हो उठे और उनकी धुनाई कर दी। सूचना आम होने पर पहुंची रवींद्रनगर चौकी पुलिस ने संचालकों पर लाठियां चलाई। इससे भगदड़ की स्थिति कायम हो गई। पुलिस ने मौके से धरना दे रहे संचालकों की मिली आधा दर्जन मोटरसाइकिलों व माइक को कब्जे में ले कोतवाली ले गई। इधर तत्काल अपर जिलाधिकारी रामकेवल तिवारी व अपर पुलिस अधीक्षक लाल साहब यादव मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक लाल साहब ने कहा कि जांच की जा रही है, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बीएसए लालजी यादव ने कहा कि बीईओ के साथ र्दुव्यवहार करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
No comments:
Write comments