परिषदीय विद्यालयों में लगे कंप्यूटर विभिन्न कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों में भेजे गए थे। उनको पुन: विद्यालय में स्थापित कर विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षण दिलाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी इन कंप्यूटरों को तलाश करेंगे। इसके लिए बीएसए की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। विद्यालय में कंप्यूटर पहुंचने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। परिषदीय जूनियर विद्यालयों में विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए वर्ष 2003-04 में योजना शुरू की गई थी। इसके तहत विद्यालयों में कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद प्रत्येक वर्ष कंप्यूटर शिक्षा के लिए विद्यालयों की संख्या बढ़ती रही। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनपद के लगभग 143 विद्यालयों में कंप्यूटर स्थापित हैं। विद्यालयों में स्थापित कंप्यूटरों को जनगणना, निर्वाचन आदि कार्यों के लिए प्रशासन की ओर से उनको अधिगृहित कर लिया जाता है। इससे विद्यालयों में लगे कंप्यूटर अधिकतर विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्य में लगे हैं। इससे विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा का कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्यालयों में लगे इन कंप्यूटरों के विषय में खंड शिक्षा अधिकारियों से उनकी यथास्थिति के विषय में जानकारी मांगी गई थी,जिस पर खंड शिक्षा अधिकारियों ने कंप्यूटरों के विषय में ¨बदुवार आख्या दी थी। जिसमें बताया था कि कितने कंप्यूटर, किन-किन सरकारी कार्यालयों में भेजे गए हैं। इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह आवंटित विद्यालयों से कंप्यूटर के विषय में जानकारी करें और जिन कार्यालयों में कंप्यूटर भेजे गए हैं, उन कार्यालयों से संपर्क कर कंप्यूटरों को वापस विद्यालय में स्थापित करने की व्यवस्था करें। इसमें कंप्यूटर, मानीटर, यूपीएस, सीपीयू आदि को वापस लाएं और विद्यालय में स्थापित करें। बीएसए ने निर्देशित किया कि विद्यालय में 10 दिन के अंदर कंप्यूटर पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा का विधिवत संचालन हो रहा है इसकी आख्या 15 दिन के अंदर उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
No comments:
Write comments