लखनऊ । वर्ष 2016 में माध्यमिक विद्यालयों में 228 दिवस शिक्षण कार्य होगा। जबकि 138 दिन अवकाश, रविवार और ग्रीष्मावकाश में निकल जाएंगे। सहायक शिक्षा निदेशक (खेल) अमरेंद्र सिंह ने सभी संयुक्त शिक्षा निदेशकों एवं मंडलीय उप शिक्षा निदेशकों को माध्यमिक विद्यालयों के लिए वर्ष 2016 की अवकाश तालिका भेज दी है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने मंडल के संंबंधित जनपदों के स्थानीय अवकाशों को यथावश्यक समायोजित करते हुए माध्यमिक विद्यालयों की अवकाश तालिका अपने स्तर से जारी करें।अगले साल माध्यमिक विद्यालयों में छुट्टियों की शुरुआत 15 जनवरी को मकर संक्रांति से होगी। जेडी व डीडीआर को भेजे गए निर्देशों में कहा गया है कि प्राचानाचार्य के विवेकाधीन तीन दिन का अवकाश रहेगा। जबकि मुस्लिम त्योहार चंद्रदर्शन के अनुसार मनाए जाएंगे। बालिका-बालक विद्यालयों में कार्यरत महिलाओं के लिए करवा चौथ व तीज का अवकाश होगा। इस निमित्त प्रधानाचार्य अवकाश तालिका सूची में से कोई दो स्थानीय अवकाश होने पर अथवा विवेकाधीन अवकाश से छुट्टी स्वीकृत कर सकते हैं। इसके अलावा शोक सभाएं केवल विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं के निधन पर ही होगी। विशेष परिस्थितियों में शोक सभाएं अंतिम वादन में की जाएंगी।
सहायक शिक्षा निदेशक (खेल) अमरेंद्र सिंह के मुताबिक स्थानीय अवकाश जिलाधिकारी द्वारा निर्गत अवकाश तालिका के अनुसार देय होंगे। राष्ट्रीय पर्वों पर संस्थाओं में कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
No comments:
Write comments