📌 दिनभर रही ठिठुरन, स्कूल खुले, ठिठुरते स्कूल पहुंचे बच्चे
फतेहपुर। शीतलहर ने विकराल रूप धारण कर लिया है। सुबह स्कूल जाने में बच्चों को कड़ाके की ठंड से जूझना पड़ रहा है। भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण शिक्षण संस्थाओं में बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है। परिषदीय स्कूलों में गरीब घरों के बच्चे सिर्फ स्कूली यूनिफार्म के सहारे ठंड से जूझ रहे हैं। उधर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल समय सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक करने का प्रस्ताव तैयार किया है, लेकिन अभी तक डीएम का अनुमोदन नहीं मिला है।
सुबह सात बजे निकलना मजबूरी
फतेहपुर। वर्तमान समय में स्कूल खुलने का समय सुबह नौ बजे और बंद होने का समय शाम तीन बजे है। जबकि निजी स्कूल सुबह आठ बजे ही खुल जाते हैं। ऐसी हालत में बच्चों को सुबह सात बजे से ही तैयार होकर स्कूल के लिए निकलना पड़ता है। इस समय ठंड का भीषण असर रहता है। ऐसी हालत में कोई भी बच्चा ठंड से प्रभावित हो सकता है।
स्कूल समय बदलने का प्रस्ताव तैयार
फतेहपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने शीतलहर के प्रकोप को गंभीरता से लिया है। बीएसए ने सुबह स्कूल खुलने का समय एक घंटे बढ़ाने तथा बंद होने का समय एक घटाने का प्रस्ताव तैयार किया है। बीएसए के प्रस्ताव में सुबह 10 बजे स्कूल खुलने तथा अपराह्न दो बजे बंद करने का प्रावधान किया गया है। हालांकि प्रस्ताव का अनुमोदन अभी तक नहीं हो पाया है।
No comments:
Write comments