अफसरी पेच और गुरुजी कर रहे वेतन का इंतजार
बीईओ व वित्त एवं लेखाधिकारी की आपसी तकरार का नतीजा
साल भर बाद भी तीन ब्लॉकों के नए शिक्षकों को नहीं मिला वेतन
जागरण संवाददाता, श्रवस्ती : गुरुजी कक्षा में पढ़ाने के बजाय वेतन भुगतान के लिए एबीएसए से लेकर बीएसए कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में नवीन तैनाती पाने वाले लगभग ढाई सौ शिक्षकों का वेतन लटका हुआ है, जबकि उन्हीं के साथ तैनात हुए अध्यापक महीनों से वेतन प्राप्त कर रहे हैं। वजह है बेसिक शिक्षा विभाग के बीच अहम का टकराव। वेतन भुगतान के मामले को वित्त एवं लेखाधिकारी के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। इसी का खामियाजा अध्यापक भुगत रहे हैं। 1जूनियर हाईस्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय में विशिष्ट बीटीसी व विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती की गई थी। ऐसे शिक्षकों की तादात लगभग चार सौ थी। तैनाती हुए लगभग एक साल बीतने को हैं, लेकिन इसमें से महज डेढ़ सौ को ही वेतन भुगतान हो पाया है। वेतन भुगतान पाने वालों में जमुनहा व हरिहरपुररानी ब्लॉक के ही शिक्षक शामिल हैं। सिरसिया, गिलौला व इकौना के लगभग ढाई सौ अध्यापक अभिलेखीय कसरत पूरा होने के बावजूद वेतन भुगतान से वंचित हैं। गिलौला के खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश पाल ने इस मसले पर बाकायदा नवसृजित पदों पर तैनात 64 शिक्षकों की बैठक बुलाई और उन्हें अवगत भी कराया कि उनकी सर्विस बुक, बेसिक शिक्षा अधिकारी के वेतन आदेश को वित्त एवं लेखाधिकारी को भेज दिया गया है। इसके बावजूद वेतन भुगतान न होने के लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने इस मामले से जिलाधिकारी से भी अवगत कराने की कही है। वित्त एवं लेखाधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि जुलाई 2012 में प्राप्त शासनादेश के तहत नई तैनाती के शिक्षकों का वेतन भुगतान करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को पत्रवली पर लेखाधिकारी की सहमति लेनी होगी। इस पर लेखाधिकारी वेतन भुगतान के लिए बीएसए की अनुमति लेंगे। अनुमति मिलने के बाद वेतन का भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हरिहरपुररानी व जमुनहा ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों ने औपचारिकताएं पूरी कर वेतन का भुगतान करवा दिया है। अन्य ब्लॉक से पत्रवली की प्रतीक्षा की जा रही है। पत्रवली मिलते ही वेतन भुगतान की कार्रवाई पूरी कर भुगतान कर दिया जाएगा।
No comments:
Write comments