उपस्थित शिक्षक को दिखा दिया अनुपस्थित
संसू, गिलौला: बेसिक शिक्षा में स्कूलों के निरीक्षण में भी जमकर खेल चल रहा है। जांचकर्ता उपस्थित शिक्षक को भी अनुपस्थित कर दे रहे हैं और जिसे चाहा उसे उपस्थित दिखा दिया। प्राथमिक विद्यालय चंद्रखा बुजुर्ग में एक शिक्षक को विद्यालय में मौजूद रहने के बाद भी जांचकर्ता एनपीआरसी ने स्पष्टीकरण तलब कर कार्रवाई की संस्तुति कर दी। इसकी शिकायत बीईओ से की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से विकास खंड के सभी विद्यालयों की दो मई को चेकिंग कराई गई थी। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय चंद्रखा बुजुर्ग में तैनात सहायक शिक्षक पवन कुमार जायसवाल विद्यालय में मौजूद थे और उपस्थिति पंजिका पर उपस्थिति का समय डालकर हस्ताक्षर भी बनाया था, फिर भी जांच अधिकारी एनपीआरसी राममनोरथ ने अनुपस्थित करार देते हुए शिक्षक से स्पष्टीकरण तलब कर लिया। इस संबंध में शिक्षक ने स्पष्टीकरण देते हुए अपने उपस्थिति का दावा भी किया, फिर भी जांच अधिकारी मानने को तैयार नहीं हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस प्रकरण की शिकायत मिली है। मूल अभिलेख मांगे गए हैं। जांच कराई जा रही है।
No comments:
Write comments