प्राइमरी स्कूलों व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में नहीं पहुंची पूरी किताबें, आज से शुरू होगी अर्ध वार्षिक परीक्षाएं
राजधानी में प्राइमरी स्कूलों व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में निश्शुल्क किताबें नहीं पहुंच पा रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जो किताबें छपकर पहुंची भी हैं उन्हें शिक्षा विभाग के लापरवाह अधिकारी स्कूल तक नहीं पहुंचा पा रहे। ब्लाक संसाधन केंद्र और न्याय पंचायत केंद्र पर किताबें डंप हैं और स्कूलों तक उन्हें पहुंचाने में सुस्ती बरती जा रही है।
हमारे नगराम संवाद प्रतिनिधि के अनुसार हरदोईया और बहरौली न्याय पंचायत केंद्रों से किताबें अभी तक स्कूलों में नहीं पहुचाई जा सकी हैं। प्राइमरी स्कूल सिरौन में कक्षा तीन में हमारा परिवेश, संस्कृत और कार्य पुस्तिका नहीं बंटी है। कक्षा चार में संस्कृत, परख और हमारा परिवेश नहीं बंटी है। कक्षा पांच में गणित की किताब नहीं बंटी है। प्राइमरी स्कूल घोड़सारा, प्राइमरी स्कूल खवास खेड़ा, प्राइमरी स्कूल बहरौली, प्राइमरी स्कूल जवाहर सिंह का पुरवा आदि की यही हालत है।
हमारे पीजीआइ संवाद प्रतिनिधि के अनुसार प्राइमरी स्कूल हैवतपुर मवईया में कक्षा तीन में कलरव व परख किताब नहीं पहुंची है। कक्षा एक व कक्षा दो में अभ्यास पुस्तिका भी नहीं आई है। यही हालत प्राइमरी स्कूल उतरेठिया और प्राइमरी स्कूल तेलीबाग का भी है।
हमारे चिनहट संवाद प्रतिनिधि के अनुसार इस ब्लॉक में कक्षा पांच में केवल परख किताब बांटी गई है, बाकी अभी कोई भी किताब यहां नहीं बांटी गई है। प्राइमरी स्कूल नंदपुर, प्राइमरी स्कूल तिवारी गंज, प्राइमरी स्कूल नेवाजनगर, प्राइमारी स्कूल सिकंदरपुर, प्राइमरी स्कूल चंदियामऊ और प्राइमरी स्कूल कठौता में अभी तक कक्षा चार में संस्कृत, परख, कलरव, हमारा परिवेश व कार्य पुस्तिका नहीं भेजी गई है। कक्षा तीन में संस्कृत, हमारा परिवेश, गिनतारा व रेन्बो किताबें नहीं पहुंची हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार प्राइमरी स्कूलों व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में निशुल्क वितरण की जाने वाली जो भी किताबें छपकर आ रही हैं उनका वितरण किया जा रहा है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं कि वह अपने स्तर पर किताबों का वितरण सुनिश्चित करें। अगर चेकिंग में स्कूल की बजाए ब्लाक संसाधन केंद्र पर किताब मिली तो जिम्मेदार पर कार्रवाई होगी। - प्रवीण मणि त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
No comments:
Write comments