कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में तैनात सभी स्टॉफ अब पुलिस की जांच से गुजरेंगे। यहां के सभी पूर्ण कालिक व अंशकालिक शिक्षक व शिक्षिकाओं का पुलिस से सत्यापन कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बीएसए को दी गई है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में 17 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित है। प्रति कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सौ बालिकाएं पढ़ाई करती है। इन स्कूलों में उनकी शिक्षा के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं की जाती है। सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक जीएस प्रियदर्शी ने दिशा निर्देश जारी किया है। इसके अलावा विद्यालय में मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराई जायेगी। प्राथमिकता के दृष्टिकोण से गेट पर, वार्डेन कक्ष के सामने, कॉरीडोर मे, सीढ़यिों पर, हॉस्टल की गैलरी में, अभिभावकों के बैठने के स्थान पर तथा क्रीड़ा स्थल में प्रवेश के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। इसके प्रभावी अनुश्रवण की व्यवस्था कराई जाएगी। निकटतम थानों से संपर्क कर नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था कराई जाएगी। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ. रमेश चंद्र चौबे ने बताया कि परियोजना का निर्देश मिला है, अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
No comments:
Write comments