लखनऊ : राजधानी के सरकारी प्राइमरी स्कूल व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में बिना पूरा कोर्स पढ़ाए ही अर्ध वार्षिक परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। अभी विद्यार्थियों को सभी निशुल्क पाठ्य पुस्तकें नहीं मिल पाई हैं। ऐसे में उनका बस्ता खाली है और वह सिर्फ रस्म अदायगी के लिए ही अर्ध वार्षिक परीक्षा दे रहे हैं। मंगलवार को विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षाएं हुईं और अब गुरुवार से लिखित परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। अभी कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक विभिन्न कक्षाओं में अलग-अलग विषयों की करीब 13 किताबें बांटी ही नहीं गई हैं। वहीं जो 38 किताबें विद्यार्थियों को दी गईं उसमें से भी काफी अभी तक स्कूल नहीं पहुंच पाई हैं।
हमारे अलीगंज संवाद प्रतिनिधि के अनुसार प्राइमरी स्कूल पल्टन छावनी में कक्षा चार व कक्षा पांच में अभी तक परख, हमारा परिवेश व गणित की किताब नहीं बांटी गई है। वहीं कक्षा एक से लेकर कक्षा पांच तक की अभ्यास पुस्तिका भी नहीं बांटी गई है। प्रधान अध्यापक मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि विद्यार्थियों को सीनियर कक्षा के विद्यार्थियों की पुरानी किताबें देकर पढ़ाई करवाई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर पूर्व माध्यमिक विद्यालय पल्टन छावनी में कक्षा सात में अभी तक स्वास्थ्य व पर्यावरण की किताबें बांटी जानी बाकी है। वहीं प्राथमिक विद्यालय पुरनिया में भी विद्यार्थियों को पूरी किताबें नहीं बांटी गई है।
No comments:
Write comments