15 दिसंबर तक पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया, मार्च तक मिलेंगी पाठ्य पुस्तकें, पुस्तकों की छपाई और जिलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया समय से पूरी करना विभाग के सामने अहम चुनौती
15 दिसंबर तक पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया, मार्च तक मिलेंगी पाठ्य पुस्तकें, पुस्तकों की छपाई और जिलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया समय से पूरी करना विभाग के सामने अहम चुनौती
नए शैक्षिक सत्र में कक्षा एक से चार तक ही एनसीईआरटी की किताबों से होगी पढ़ाई
लखनऊ : परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत से ही बच्चों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। कक्षा एक से आठ तक की पाठ्यपुस्तकों की छपाई के लिए टेंडर प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 45 से 60 दिनों के भीतर पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन कराया जाएगा। विभाग की कोशिश है कि फरवरी के अंत या मार्च के पहले सप्ताह तक सभी जिलों में पाठ्यपुस्तकें पहुंच जाएं, ताकि नया सत्र शुरू होने पर बच्चों को उनके लिए इंतजार न करना पड़े।
नए शैक्षिक सत्र में भी कक्षा एक से चार तक के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पुस्तकें पढ़ाई जाएंगी। वहीं, कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य स्तर पर तैयार की गई पाठ्यपुस्तकें लागू रहेंगी। इस व्यवस्था के तहत प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले डेढ़ करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की जाती हैं।
पुस्तकों की छपाई और जिलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया समय से पूरी करना विभाग के सामने अहम चुनौती है। पिछले वर्षों में कई बार शैक्षिक सत्र शुरू होने के बाद भी विद्यार्थियों को सभी विषयों की पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पाती थीं। इससे पढ़ाई प्रभावित होती थी और शिक्षकों को भी पाठ्यक्रम पूरा कराने में दिक्कत आती थी। इस बार विभाग की कोशिश है कि शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले ही विद्यालयों तक पाठ्यपुस्तकें पहुंचा दी जाएं।

