विधान परिषद चुनाव के मतदाताओं के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष अवकाश
लखनऊ। विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक सीटों के लिए मतदान के दिन 23 अक्तूबर को मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। इस संबंध में चुनाव आयोग के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक की 5 और खंड शिक्षक के 6 निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होगा।
लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी के खंड स्नातक और लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, गोरखपुर-फैजाबाद के खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि इन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान करने के लिए उत्तर प्रदेश के ऐसे सभी कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं और संबंधित खंड स्नातक व खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रामाणिक मतदाता हैं, उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान दिवस 23 अक्तूबर पर विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।
क्या होता है विशेष आकस्मिक अवकाश : विशेष आकस्मिक अवकाश सरकारी या गैर-सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों को किसी विशेष परिस्थिति, कर्तव्य या सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यों के लिए दिया जाने वाला अतिरिक्त अवकाश होता है। यह सामान्य आकस्मिक अवकाश से अलग होता है और इसे कर्मचारी की मुख्य छुट्टी जैसे अर्जित अवकाश या सामान्य सीएल से नहीं काटा जाता है।



No comments:
Write comments