1565 परिषदीय विद्यालय में हब एंड स्पोक मॉडल से मिलेगी नई दिशा
1565 परिषदीय विद्यालय में हब एंड स्पोक मॉडल से मिलेगी नई दिशा
लखनऊ। प्रदेश में विद्यालयी शिक्षा को आधुनिक, नवाचारी बनाने में पीएमश्री योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश के 1565 परिषदीय विद्यालयों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक संसाधन और शिक्षा मिल सके।
इस मॉडल में हर जिले में एक चयनित पीएमश्री विद्यालयों में एस्ट्रोनॉमी लैब और एआई आधारित स्किल लैब की स्थापना यूपीईएलसी कर रहा है। इन प्रयोगशालाओं से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उभरती तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और शोध की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा। हब एंड स्पोक मॉडल के रूप में विकसित किए जा रहे यह विद्यालय अपने आस-पास के अन्य विद्यालयों के लिए संसाधन, नवाचार और शैक्षिक उत्कृष्टता का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीकी सुविधाओं और श्रेष्ठ शैक्षिक गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक विद्यालयों तक पहुंचाया जा सकेगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि इससे छात्र भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे। विज्ञान विषयों की अवधारणाओं को समझने में प्रयोगशालाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आधुनिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित ये प्रयोगशालाएं विद्यालयों को नई पहचान देगी।

