अभिभावकों को करें जागरूक बच्चों को लाएं स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच। शिक्षक विद्यालय की दहलीज से निकलकर घर-घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करें। बच्चों को स्कूल लाएं, जिससे शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाया जा सके। यह बात जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह ने शुक्रवार को नवीन गल्ला मंडी में आयोजित शैक्षिक उन्नयन कार्यशाला में कही। इस मौके पर उन्होंने आठ स्कूलों में 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों की उपस्थिति मिलने पर आठ शिक्षक-शिक्षिकाओं को माला पहनाकर तथा पुष्प प्रदान कर सम्मानित किया।
बीएसए ने शिक्षकों से कहा कि विद्यालय को निर्धारित समय पर खोलें। समय सारिणी के अनुसार शिक्षण का कार्य करें। स्कूल आने वाले छात्रों से प्रार्थना सभा, बालसभा और खेलकूद की गतिविधियां भी कराई जाएं, जिससे कक्षा शिक्षण के साथ छात्रों का मनोरंजन हो और उनका मन स्कूल में लगे। बीएसए ने कहा कि शत प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया जाएगा। 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों की उपस्थिति पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों में सुरेश कुमार, विजय कुमार वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, गिरीश राम, राकेश गौतम, तेजे शुक्ला व शिक्षिका सारिका भटनागर, सुनैना देवी शामिल रहीं। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी शोभनाथ यादव ने भी शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के टिप्स सुझाए। कार्यक्रम में संकुल प्रभारी सत्यभामा देवी, श्यामपाल चौधरी, विनोद कुमार, वीरेंद्र कुमार, शिवप्रसाद मिश्र, हबीबउल्ला, एबीआरसी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
No comments:
Write comments