मांगों को लेकर शिक्षकों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई के शिक्षकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
उप जिलाधिकारी भिनगा सत्य प्रकाश वर्मा को सौंपे ज्ञापन के जरिये शिक्षकों ने जिलाध्यक्ष गुरु नारायण पाठक के नेतृत्व में कहा है कि ऐसे शिक्षक जो एक अप्रैल 2005 व उसके बाद नियुक्त हुए हैं, उन्हें पुरानी पेंशन स्कीम से आच्छादित कराया जाए। जो शिक्षक नवीन पेंशन योजना के तहत कटौती चाहते हैं, उनकी सहमति लेकर कटौती कराई जाए। एक अप्रैल 2005 व उसके बाद नियुक्त ऐसे शिक्षक जिनकी मृत्यु हो गई है, उनके आश्रितों को पारिवारिक पेंशन का लाभ दिलाया जाए। शिक्षकों का गृह जनपदों में अथवा अंतरजनपदीय स्थानांतरण शीघ्र किया जाए। बुधवार को दूध देने की व्यवस्था विद्यालयों से समाप्त हो। विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिता के लिए धनराशि आवंटित कराई जाए। छात्रों को शारीरिक माप के अनुसार ड्रेस का वितरण कराया जाए। इसके लिए रेडीमेड यूनीफॉर्म क्रय करने की छूट दी जाए। मृतक आश्रित जिन्होंने बीएड व टीईटी उत्तीर्ण कर ली है, उन्हें सहायक अध्यापक के रूप में नियुक्ति दी जाए। खंड शिक्षाधिकारी के पचास प्रतिशत पदों पर शिक्षकों को पदोन्नति देने, सामूहिक बीमा की धनराशि में वृद्धि करने, शिक्षकों की गैर शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी न लगाने, शिक्षक कल्याण कोष की स्थापना करने, शिक्षकों के मकान किराए भत्ते में असमानता समाप्त करने समेत कई अन्य मांग शामिल हैं। इस मौके पर परशुराम तिपाठी समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
No comments:
Write comments