जागरण संवाददाता, गोरखपुर : बेसिक शिक्षा विभाग की सख्ती भी प्राथमिक शिक्षकों को धरना-प्रदर्शन करने से रोक नहीं सकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिले भर के प्राथमिक शिक्षकों ने बुधवार को लखनऊ पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र भी स्कूल नहीं पहुंचे और विद्यालयों का ताला खुला ही नहीं। पढ़ाई की तो बात ही छोड़िए परीक्षा भी नहीं हुई। बेबस विभाग को परीक्षा स्थगित कर आगे बढ़ाना पड़ा है। 1जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने कड़ाई के साथ विद्यालय खोलने का दिशा-निर्देश जारी किया था। यही नहीं मध्याह्न् भोजन के साथ दूध वितरण सुनिश्चित करने की भी जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन, सारे आदेश चिट्ठियों में ही कैद होकर रह गए। 1 शिक्षक विद्यालय न पहुंचकर जिला मंत्री श्रीधर मिश्र, अध्यक्ष भक्तराज राम त्रिपाठी और प्रदेश पदाधिकारी राजेश धर दूबे के नेतृत्व में सीधे लखनऊ पहुंचे और 22 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाई। इधर, गांव ही नहीं शहर के प्राथमिक विद्यालयों में भी पढ़ाई नहीं हुई। बीएसए ने स्वीकार किया है कि पढ़ाई प्रभावित हुई है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
No comments:
Write comments