सरकारी शिक्षक होने के बाद भी कांवेंट विद्यालय का संचालन करने पर सोनभद्र के म्योरपुर ब्लाक के एक शिक्षक के खिलाफ निलंबन का कार्रवाई ने जिले में भी हलचल पैदा कर दी है। यदि जांच हुई तो यहां भी कई शिक्षकों पर गाज गिर सकती है। कारण है कि करीब एक दर्जन से अधिक विद्यालय ऐसे हैं जो जिनका शिक्षकों से सीधा संबंध होने की बात कही जा रही है। एक ओर जहां बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े विद्यालयों में बच्चों की नामांकन संख्या को बढ़ाने के लिए तमाम कार्यक्रम व योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षक से लेकर बच्चों तक की सुविधाओं पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च भी किया जा रहा है। ऐसे किसी सरकारी शिक्षक द्वारा कांवेंट विद्यालय के लिए प्रचार प्रसार करने की सामने आए मामले में सोनभद्र में शिक्षक के निलंबन की हुई कार्रवाई ने कालीन नगरी भदोही में लोगों को सकते में लाकर खड़ा कर दिया है। विभागीय सूत्रों की माने तो जिले में करीब एक दर्जन से अधिक ऐसे नर्सरी व कांवेंट विद्यालय संचालित हो रहे हैं जिनका बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों से सीधा संबंध है। हालांकि अभी तक कोई ऐसी शिकायत सामने नहीं आई है लेकिन यदि जांच हुई तो शिक्षकों की गर्दन फंस सकती है। बहरहाल जो भी हो लेकिन इस कार्रवाई से शिक्षकों में हलचल मची हुई है।
No comments:
Write comments