जासं, बदायूं : मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्रओं को थाली और गिलास मुहैया कराए जाएंगे। 28 अक्टूबर को सभी तहसीलों के कम से कम पांच विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिसकी आख्या 29 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक फोटो सहित मध्यान्ह भोजन योजना की जिला समन्वयक को दी जाएगी। विद्यालय में दोपहर का भोजन करते समय थाली न लाने पर परेशानी होती थी। जिसपर शासन ने संज्ञान लिया और विद्यालयों में थाली व गिलास दिए जाने का आदेश दिया। भोजन करते समय बच्चों को बर्तन मुहैया कराए जाएंगे और विद्यालय में ही रख दिए जाएंगे। बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक सीमा चौहान व यूआरसीसी सरवर अली भी उपस्थित रहें। दातागंज तहसील में खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह व एबीआरसी फरहत हुसैन को जिम्मेदारी दी गई है। जिनके साथ वैकल्पिक शिक्षा के जिला समन्वयक राम सरन मौर्य रहेंगे। बिसौली तहसील में खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र व उमेंद्र प्रताप त्रिपाठी, समेकित शिक्षा के जिला समवयक जितेंद्र कुमार बर्तनों का वितरण कराएंगे। बिल्सी तहसील में खंड शिक्षा अधिकारी लाल बाबू द्विवेदी, मजहरुल इस्लाम और प्रशिक्षण के जिला समन्वयक गौरव कुमार सक्सेना, सहसवान तहसील में खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार, अजय कुमार और निर्माण के जिला समन्व्यक को जिम्मेदारी सौंपी गई। शासन की ओर से निर्धारित फर्म ही थाली और गिलास का वितरण करेंगी।

No comments:
Write comments