
Sunday, October 2, 2016

रामपुर : गांधी जयंती पर आत्मदाह की धमकी देने वाले 52 बीटीसी प्रशिक्षुओं का दोबारा प्रेक्टिकल अब 3 अक्टूबर को
गांधी जयंती पर आत्मदाह की धमकी देने वाले बीटीसी के 52 प्रशिक्षुओं का प्रैक्टीकल अब दोबारा कराया जाएगा। कैबिनेट मंत्री आजम खां और जिलाधिकारी अमित किशोर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान कराया है। हिन्दुस्तान ने प्रशिुओं की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वर्ष 2011 में मेरिट के आधार पर बीटीसी में युवकों का चयन किया गया था। उनका दो साल बाद बीटीसी का प्रशिक्षण पूरा हो गया, लेकिन प्रैक्टीकल में नंबर कम दिए गए। प्रशिक्षुओं का कहना है कि तत्कालीन डायट प्रचार्य ने प्रैक्टिकल के नाम पर पांच-पांच हजार की वसूली कराई थी। इसका हम लोगों ने विरोध किया था। विरोध करने वाले 83 प्रशिक्षु थे, जिन्हें अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। प्रैक्टीकल में थर्ड डिवीजन के नंबर दिए गए, जिससे वह मैरिट से बाहर हो गए थे। गांधी समाधि पर और गांधी जयंती के दिन 52 प्रशिक्षुओं की आत्महत्या किए जाने की चेतावनी से पुलिस, प्रशासन और शासन में खलबली मच गई। आजम खां और डीएम अमित किशोर ने इसे गंभीरता से लिया। प्रशिक्षुओं की कॉपी भी निकालकर देखी गईं। अब प्रैक्टीकल दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है।
बीटीसी प्रशिुओं की समस्या को लेकर बेसिक शिक्षा परिषद में बात की गई। शासन स्तर पर भी बात की गई है। अब इनका प्रैक्टीकल दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है। तीन अक्टूबर से दोबारा प्रैक्टीकल कराया जाएगा। मामले की जांच भी होगी।
Saturday, October 1, 2016

कुशीनगर : शासन की उपेक्षा से तंग रसोइया आंदोलन को विवश, अखिल भारतीय मध्याह्न भोजन रसोइया महासंघ की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय
अखिल भारतीय मध्याह्न भोजन रसोइया महासंघ की तहसील इकाई की बैठक शुक्रवार को बीआरसी परिसर में हुई। इसमें समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। अध्यक्षता कर रहे सुरेंद्रनाथ शर्मा ने कहा कि शासन की उपेक्षा से तंग रसोइया आंदोलन को विवश हैं। रसोइयों का आंदोलन क्रमश: सभी तहसीलों के बाद, जिले पर आयोजित होगा।

कुशीनगर : समारोह पूर्वक मनेगी गांधी जयंती, पडरौना स्थित जूनियर हाई स्कूल परिसर में बच्चों की वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण
अपर जिलाधिकारी कृष्ण लाल ने बताया कि रविवार को गांधी जयंती समारोह पूर्वक मनाई जाएगी। सुबह 8 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सभी कार्यालयों में विभागाध्यक्षों की अध्यक्षता में गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर निर्बलों के कल्याण संबधी गांधीजी के अंत्योदय की अवधारण एवं राष्ट्रीय एकता व अखंडता विषयक विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। एडीएम ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि सुबह 8.30 बजे कलेक्ट्रेट व विकास भवन परिसर में पौधरोपण होगा। कलेक्ट्रेट में 10-10 व स्टेडियम में 100 पौधे रोपे जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए 20-20 पौधे लगाए जाएंगे। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन ने बताया कि सुबह 9 बजे नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों की मलिन बस्तियों की सफाई हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक ग्राम सभा में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दवा वितरण कराया जाएगा तथा विशेष अभियान चलाकर गांवों में सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला क्रीड़ा अधिकारी की देखरेख में स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करायी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पन्ना राम गुप्ता ने बताया कि पडरौना नगर स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में बच्चों का वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित कर बच्चों में पुरस्कार वितरण किया जाएगा। सभी न्याय पंचायतों में अपराह्न 1.30 बजे सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत नुक्कड़ सभा आयोजित की जाएगी। एसडीएम सदर ने बताया कि अपराह्न 4 बजे पडरौना नगर स्थित गांधी पार्क में सार्वजनिक सभा का आयोजन किया गया है।

औरैया : सभी बीआरसी में वरिष्ठता सूची का प्रकाशन, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा खाली पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया की गई शुरू, सूची प्रकाशन के बाद शिक्षकों से मांगी गई आपत्तियां
जनपद में खाली पड़े प्रधानाध्यापक व जूनियर स्कूलों के सहायक अध्यापक पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया काफी समय से लंबित थी। शिक्षक संघों की मांग के बाद विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहले चरण में सभी बीआरसी पर वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है और अब शिक्षकों से आपत्तियां मांगी गई हैं। करीब डेढ़ माह पूर्व शासन द्वारा प्रमोशन प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया गया था, लेकिन विभाग की ढिलाई के चलते अभी तक वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं हो पाया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को 26 सितंबर तक वरिष्ठता सूची प्रकाशित करने को कहा था। इसके चलते सभी बीआरसी में सूची चस्पा हो चुकी थी। शुक्रवार को सदर बीआरसी में सूची चस्पा की गई है। इसके बाद अब शिक्षकों से वरिष्ठता सूची में आपत्ति मांगी गई हैं। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। आपत्तियां आने के बाद जिला स्तर पर वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी। खाली पड़े प्रधानाध्यापक व जूनियर के सहायक अध्यापकों पर प्रमोशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रमोशन को लेकर पिछले दिनों प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जलवीर सिंह यादव ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से प्रमोशन प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग की थी। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसपी यादव का कहना है कि शीघ्र ही आपत्तियां सुन कर जिला स्तरीय वरिष्ठता सूची जारी कर प्रमोशन प्रक्रिया पूरी करा दी जाएगी।

अंबेडकरनगर : अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट से डीएम आवास तक किया हंगामा, की मांग : पदावनति सूची निरस्त की जाए
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों की जारी पदावनति सूची निरस्त किए जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट से लेकर डीएम आवास तक जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान इस संगठन के बैनर तले विरोध प्रदर्शन करते हुए सूची निरस्त करने की मांग की गयी। आरोप लगाया गया कि बीएसए द्वारा पदावनति करते हुए वेतन फ्रीज करने की जो सूची जारी की गई उसमें तमाम कमियां हैं। आंदोलित शिक्षकों ने मांग की कि बगैर सचिव के अनुमोदन के ही पदावनति सूची जारी की गई जो अनियमित है तथा तकनीेकी कमी है। बैकलाग की व्यवस्था 3(2) के अंतर्गत आती है इसके तहत एससी/एसटी शिक्षकों की पदोन्नति हुई थी जो पदावनति से मुक्त हैं। प्रदर्शन करने वालों में जियालाल त्यागी, लीलावती, कपिलदेव, विद्यावती, इंद्रजीत, चंद्रावती, धनुषधारी, अवधेश कुमार, हरिश्चंद्र, राजनाथ, मित्रसेन, अर¨वद, जय प्रकाश, सतराज आदि लोग मौजूद रहे।

हाथरस : शिक्षकों में नहीं बन पा रहा तालमेल, विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जा रहा विवादों का निपटारा

सुल्तानपुर :बेसिक जूनियर हाईस्कूलों के पदोन्नति से वंचित रह गए शिक्षकों को सौगात, पदोन्नति की जारी हुई अनंतिम सूची
अब बेसिक जूनियर हाईस्कूलों के पदोन्नति से वंचित रह गए शिक्षकों को सौगात मिलने की बारी है। महकमे ने पदोन्नति की अनंतिम वरीयता सूची जारी कर दी है। तीन वर्ष पूर्व किन्हीं कारणवश पदोन्नति छोड़ चुके बेसिक जूनियर हाईस्कूलों के सहायक अध्यापकों व प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को फिर पदोन्नति मिलने की उम्मीद जग गई है। शुक्रवार को महकमे की ओर से शिक्षकों की वरीयता सूची प्रकाशित की गई। जिसे महकमे के दफ्तर में चस्पा कर दिया गया है। बीएसए की ओर से जारी की गई सूची में खंड शिक्षा अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रकाशित सूची का अंतिम रूप से चार अक्टूबर तक मिलान करा लें। जिससे कि यदि त्रुटि हो तो संशोधित सूची जारी की जा सके। उधर, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, महामंत्री हरिपाल वर्मा, संजय, मूलचंद्र त्रिपाठी, अबूवक्र ने इस कदम को सराहा।

हरदोई : रजिस्टर पर लिखना होगा प्रबंध समिति का ब्यौरा, विद्यालयों को 150 रुपये का दिया जाएगा रजिस्टर
विद्यालय प्रबंध समिति का अब पूरा हिसाब किताब रखा जाएगा। हर स्कूल में एक रजिस्टर होगा और उसमें माह में आयोजित होने वाली बैठकों का पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों को दो करोड़ 41 लाख से अधिक की धनराशि जारी की गई है। हरदोई के हिस्से में 3890 विद्यालयों के लिए पांच लाख 83 हजार से अधिक रुपये आए हैं।परिषदीय विद्यालयों में पूरी कमान विद्यालय प्रबंध समितियों को सौंप दी गई है। बच्चों की ड्रेस वितरण से लेकर अन्य सभी कार्य समितियां ही कराती हैं और हर माह विद्यालय प्रबंध समितियों की बैठक आयोजित कर शिक्षा की गुणवत्ता व अन्य संसाधनों पर चर्चा करने की व्यवस्था है लेकिन सब कागजों पर होता है। अधिकांश विद्यालयों में तो बैठकें ही नहीं होती। राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान ने इसे गंभीरता से लेते हुए विद्यालयों में प्रबंध समिति का रजिस्टर ही अलग करने की व्यवस्था की है। जिसमें प्रति विद्यालय को रजिस्टर के लिए 150 रुपये दिए जा रहे हैं। रजिस्टरों में हर माह की बैठक का पूरा ब्योरा और अन्य मुद्दों को दर्ज किया जाएगा। राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान की तरफ से पूरे प्रदेश के सभी जिलों के लिए दो करोड़ 41 लाख से अधिक धनराशि जारी की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पत्र आ गया है और रजिस्टर खरीदने की शासन स्तर से जारी आदेश पर किया जाएगा।

टीएलएम मद में हर शिक्षक को मिलेंगे पांच सौ रुपये, टीएलएम की कार्यशाला में बीईओ और एबीआरसी से मांगे गए सुझाव, हर ब्लॉक से 10 अच्छे और 10 खराब स्कूल होंगे तय, स्थिति सुधारने का मिलेगा मौका
☀ ब्लॉक से 10 अच्छे और 10 खराब स्कूल होंगे तय, स्थिति सुधारने का मिलेगा मौका
फतेहपुर: परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले हर बच्चे को गणित-विज्ञान समेत अन्य विषयों को सही ढ़ंग से समझाया जा सके। इसके लिए जिले के हर परिषदीय शिक्षक को टीएलएम मद से 500-500 रुपए दिए जाएंगे। शुक्रवार को डायट प्राचार्य रविशंकर की अध्यक्षता में सभी बीईओ और बीआरसी की बैठक लेकर सामग्री खरीद हेतु सुझाव लिए गए।
डायट प्राचार्य ने कहा कि पाठ्य सहगामी क्रियाओं को मजबूत करके ही शिक्षा को मजबूत किया जा सकता है। बीएसए विनय कुमार ने कहा कि टीएलएम के मद को खर्च करने के लिए शिक्षक जरूरी सामग्री खरीदें। इसके लिए उन्होंने प्रत्येक बीईओ व बीआरसी से जरूरी सामानों की सूची ली। अधिकांश लोगों ने अपनी अपनी सूची में चाक, पेपर, ब्लेड, कैंची आदि को स्थान दिया है। बीएसए ने कहा कि सभी की सूचियों से कॉमन समान की सूची तैयार कर वही सूची बीईओ को सौंपी जाएगी। जिसके आधार पर शिक्षक सामान की खरीदारी करे।
इस मौके पर बीईओ राकेश कुमार, पुष्पराज पटेल, राकेश कुमार, नाहिद व डीसी जितेन्द्र सिंह आदि रहे।

गोरखपुर : परिषदीय स्कूलों का समय बदला, परिषदीय स्कूल सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक होंगे संचालित
परिषदीय स्कूलों और इंटर कालेजों के समय में 1 अक्टूबर से बदलाव हो रहा है। नई व्यवस्था के अनुसार परिषदीय स्कूल सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक और इंटर कालेज सुबह 8:50 से दोपहर 2:50 तक चलेंगे। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक एएन मौर्या और बेसिक शिक्षाधिकारी ओम प्रकाश यादव ने दी है। अधिकारियों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के कारण एक को सभी स्कूल बंद रहेंगे। दो अक्टूबर को गांधी जयंती व रविवार है। 13 अक्टूबर से विद्यालय नए समय से खुलेंगे और बंद होंगे। यह नियम गैर सरकारी स्कूलों में भी लागू होगा। जिन स्कूलों में परीक्षा चल रही है, वहां परीक्षा बाद बदलाव प्रभावी होगा।

टीजीटी 2013 का दूसरा चरण 20 अक्टूबर से, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में पहले चरण का साक्षात्कार पूरा, प्रवक्ता पद के लंबित रिजल्ट व नया साक्षात्कार कार्यक्रम अगले हफ्ते
इलाहाबाद : स्नातक शिक्षक यानी टीजीटी 2013 के दूसरे चरण का साक्षात्कार अब दशहरे के बाद होगा। तैयारी है कि 20 अक्टूबर से नए विषयों का इंटरव्यू होगा, जो दीपावली के अवकाश तक जारी रहेगा।
इस बीच प्रवक्ता 2013 के लंबित अंतिम परीक्षा परिणाम जारी किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में टीजीटी 2013 के विषयवार साक्षात्कार बीते 27 सितंबर से शुरू हुए। इसमें युवतियों को प्राथमिकता मिली। गृह विज्ञान के बाद टीजीटी उर्दू, वाणिज्य एवं संगीत गायन का साक्षात्कार हुआ। पहले चरण का इंटरव्यू शुक्रवार शाम को पूरा हो गया है। इसमें कंप्यूटर सिस्टम के जरिए रैंडम कोड एवं इंटरव्यू का बोर्ड तय किया गया।
चयन बोर्ड सचिव रूबी सिंह ने बताया कि अब दूसरा चरण 20 अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है। इसका विषय वार कार्यक्रम बनाया जा रहा है, अगले हफ्ते वेबसाइट पर उसे अपलोड कर दिया जाएगा एवं संबंधित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भी भेजा जा रहा है। इंटरव्यू दीपावली का अवकाश होने तक जारी रहेंगे।
चयन बोर्ड की मंशा है कि दिसंबर 2016 तक टीजीटी 2013 के सभी साक्षात्कार पूरे हो जाए इसलिए तीसरे एवं अन्य चरणों के साक्षात्कार जल्दी-जल्दी जारी होंगे। सचिव ने बताया कि अक्टूबर माह के पहले पखवारे में प्रवक्ता 2013 के अंतिम परीक्षा परिणाम जो लंबित हैं उन्हें जारी किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दे दिया गया है। अगले सप्ताह भी कम से कम दो परिणाम जारी होने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चयन बोर्ड प्रतियोगियों के हित में निरंतर सुधार कार्य करता रहेगा।

महराजगंज : बगैर अपना चार्ज दिए मुख्यालय छोड़कर चले गए बीएसए, एसडीएम सदर की उपस्थिति में एडी बेसिक ने बीएसए कार्यालय का आकस्मिक जांच कर बीएसए को किया अनुपस्थित, बीईओ को मिला बीएसए का चार्ज
महराजगंज: प्रशासनिक स्थानांतरण सहित कई आरोपों में घिरे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जावेद आलम आजमी का तबादला हो गया। वह बगैर अपना चार्ज दिए ही मुख्यालय छोड़कर चले गए। हैरत की बात तो यह है कि इनके महराजगंज जनपद छोड़ने की भनक उच्चाधिकारियों को भी नहीं लगी। शुक्रवार को आन फानन में सदर एसडीएम देवेश कुमार व एडीबेसिक डा. सत्य प्रकाश त्रिपाठी की मौजूदगी में खंड शिक्षा अधिकारी सदर विजय आनंद को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रभार सौंपा गया। खबर के मुताबिक सुबह दस बजे से ही अंतर जनपदीय स्थांतरित 113 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा था, कि इसी बीच एसडीएम सदर देवेश कुमार व एडी बेसिक सत्य प्रकाश त्रिपाठी की गाड़ी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची, तो अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सभी दाएं-बाएं किनारा कसने लगे। अधिकारियों के रुख से कर्मचारियों के माथे पर भी पसीना झलक रहा था। कार्यालय पर भारी संख्या में शिक्षकों व कर्मचारियों को होने के कारण एसडीएम ने तत्काल चैनल गेट पर ताला बंद कर दिया। इसके बाद अपनी कार्यवाही प्रारंभ की। इस दौरान एसडीएम ने अपने मोबाइल से फोटो भी लिए और वीडियो ग्राफी भी की। फिर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कक्षा में पहुंचे। अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति पंजिका की जांच की। बीएसए जावेद आलम के नहीं होने से उनको एडी बेसिक ने अनुपस्थित कर दिया। इसके बाद सदर व परतावल के खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद को महराजगंज के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। बताते चलें की शासन द्वारा पीलीभीत के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जय प्रताप सिंह को महराजगंज का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पद पर तबादला किया गया है, उनके जनपद में कार्यभार ग्रहण करने तक सदर बीइओ के पास इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अंतर जनपदीय तथा प्रशासनिक स्थानांतरण से जुड़ी फाइल को एसडीएम देवेश कुमार तथा एडी बेसिक डा. सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने घंटों खंगाली। इस दौरान अधिकारियों ने बीएसए कार्यालय के एक-एक लिपिक को बुलाकर उनसे गंभीरता से पूछताछ की। बीच-बीच में कर्मचारियों के जवाब से अंसतुष्ट होने पर अधिकारियों के तेवर तल्ख होते रहें।

























