11 से 28 जनवरी तक होंगी यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, होगी सीसीटीवी से निगरानी, सुरक्षित रखी जाएगी रिकॉर्डिंग
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सोमवार को वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। ये परीक्षाएं दो चरणों में होंगी।
पहले चरण की परीक्षा 11 से 19 जनवरी तक और दूसरे चरण की परीक्षा 20 से 28 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। इन्हें सीसीटीवी की निगरानी में कराया जाएगा और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कराई जा सके।
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से यह टाइमटेबल जारी किया गया है। इस परीक्षा में 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल शामिल होंगे। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल में परीक्षाएं होंगी।
हाईस्कूल के विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान में 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा।
हाईस्कूल विज्ञान-गृह विज्ञान में भी लंबे समय बाद होंगे प्रैक्टिकल
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 28 जनवरी तक कराई जाएंगी। पहले चरण में 11 से 19 जनवरी तक आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन तथा बस्ती मंडलों में, जबकि 20 से 28 जनवरी तक अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी तथा गोरखपुर में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। लंबे अंतराल के बाद हाईस्कूल विज्ञान और गृह विज्ञान विषय के परीक्षार्थियों के लिए भी प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी।
सचिव भगवती सिंह ने साफ किया है कि हाईस्कूल स्तर पर विभिन्न विषयों (विज्ञान एवं गृह विज्ञान को छोड़कर) में प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर करायी जाएंगी। हाईस्कूल विज्ञान एवं गृह विज्ञान में बोर्ड की ओर से 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं करायी जाएंगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केन्द्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करेंगे।
हाईस्कूल (विज्ञान एवं गृह विज्ञान को छोड़कर) के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक स्कूलों के प्रधानाचार्य वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। प्राप्तांकों को अपलोड करने के लिए एक जनवरी से वेबसाइट खोली जाएगी। विद्यालय स्तर पर कराई जाने वाली प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में प्रधानाचार्य कराएंगे। विद्यालय स्तर पर कक्षा दस एवं 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी के प्रथम सप्ताह में तथा कक्षा नौ एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में प्रधानाचार्य कराएंगे।
परीक्षाओं की शुचिता को बनाए रखने के उद्देश्य से प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में कराना होगा। साथ ही परीक्षा की रिकार्डिंग सुरक्षित रखनी होगी ताकि मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जा सके। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति आदि की सूचना बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
No comments:
Write comments