प्रधानाचार्य भर्ती में आरक्षण की मांग वाली याचिका हाईकोर्ट से खारिज, देखें ऑर्डर
विज्ञापन संख्या 08/2026 और 09/2026 को चुनौती देने तथा आरक्षण का लाभ देने की मांग पर राहत नहीं; आवेदन स्वीकार कराने की अंतरिम मांग भी मंजूर नहीं हुई
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों में प्रधानाचार्य भर्ती से संबंधित विज्ञापन संख्या 08/2026 और 09/2026 को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान की पीठ ने 23 नवंबर 2026 को रिट-ए संख्या 19327/2026, राज नारायण एवं पांच अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं दो अन्य में यह आदेश पारित किया।
याचिकाकर्ताओं ने विज्ञापन के खंड 6(ए)(i) को निरस्त करने, प्रधानाचार्य चयन प्रक्रिया में आरक्षण नीति लागू करने तथा उन्हें आरक्षण का लाभ देते हुए आवेदन स्वीकार किए जाने की मांग की थी। याचिका में विज्ञापन संख्या 08/2026 के तहत 1475 और विज्ञापन संख्या 09/2026 के तहत 1172 प्रधानाचार्य पदों का उल्लेख है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने लखनऊ पीठ के ही रिट-ए संख्या 12324/2026 में पारित अंतरिम आदेश का हवाला दिया, जिसमें संबंधित याचियों को प्रधानाचार्य पद के लिए आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। यह आदेश सुप्रीम कोर्ट के स्टेट ऑफ यूपी बनाम अंजुमन इशात-ए-तालीम ट्रस्ट मामले में पारित निर्णय के संदर्भ में दिया गया था।
वहीं, विपक्ष की ओर से दलील दी गई कि एकल पद के विरुद्ध आरक्षण लागू नहीं होता। इसके समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के बलवीर कौर एवं अन्य बनाम उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड मामले का उल्लेख किया गया।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अनिवार्य अर्हता संबंधी नीति परिवर्तन के संदर्भ में टीईटी योग्यता को लेकर दायर याचिकाएं पहले ही खारिज की जा चुकी हैं और विशेष अपील में भी इसकी पुष्टि हुई है। ऐसे में वर्तमान मामले में याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत नहीं दी जा सकती। न्यायालय ने अंततः रिट याचिका खारिज कर दी।
No comments:
Write comments