पूर्व माध्यमिक शिक्षकों का कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ जिला इकाई के शिक्षकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सीएम को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाधिकारी आर विक्रम सिंह को सौंपे ज्ञापन के जरिये उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के शिक्षकों ने कहा है कि बेसिक शिक्षकों के बुढ़ापे का सहारा पेंशन थी जिसे वर्ष 2003 में समाप्त कर दिया गया। यह कर्मचारियों के परिवार के हित के विरुद्ध है। फंड व पेंशन बंद होने से सेवानिवृत्ति के बाद शिक्षकों की रोजी-रोटी का सहारा छिना है। ऐसे में वर्ष 2005 से तैनात हुए शिक्षकों की पुरानी पेंशन नीति बहाल की जाए। सदस्य विधान परिषद चुनाव में माध्यमिक विद्यालयों के सहायता प्राप्त शिक्षक व वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों को चुनाव लड़ने, मत देने का अधिकार चुनाव आयोग द्वारा दिया गया है जबकि हम इस लाभ से वंचित हैं। शिक्षकों की योग्यता स्नातक होने के कारण हमें इसकी छूट प्रदान की जाए। शिक्षकों ने वेतन भुगतान राजकोष से कराने, चुनाव लड़ने व मत देने का अधिकार देने, विद्यालय में कार्यरत अनुदेशकों को बीस हजार रुपये मानदेय देने आदि की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में गुरुनारायण पाठक, ओम प्रकाश वर्मा, अयोध्या प्रसाद राना व मुखचंद्र यादव आदि शिक्षक शामिल रहे।
चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
No comments:
Write comments