संसू, फैजाबाद: सर्वशिक्षा अभियान के लेखाकार इंद्रेश पांडेय पर कुल्हाड़ी से हुए जानलेवा हमले में बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी केएस सिंह के खिलाफ नगर कोतवाली में नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है। घटना राजकीय बालिका इंटर कालेज गेट के सामने गुरुवार की सायं सवा पांच बजे की बतायी जाती है। गोंडा जिले के थाना मोतीगंज अंतर्गत ग्राम इमिलिया निवासी इंद्रेश पांडेय यहां बेसिक शिक्षा विभाग में लेखाकार पद पर कार्यरत हैं। ड्यूटी के बाद वह कार्यालय से बस पकड़ने के लिए पैदल जा रहे थे कि पहले से घात लगाए बैठे तीन चार लोगों ने अचानक पीछे से कुल्हाड़ी व हाकी से हमला कर दिया। घायल लेखाकार को बचाने के लिए विभागीय कर्मचारियों के पहुंचने से पहले हमलावर अपनी मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग निकले। लगभग 15-20 दिन पहले विभाग के एक कर्मचारी ने घायल लेखाकार को ठीक करने की धमकी दी थी। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी द्वारा विगत 30 दिसंबर को फेसबुक पर एक कमेंट में घायल लेखाधिकारी को गाली भी पोस्ट की गयी। घायल लेखाकार का कहना है कि इस जिले में पांच साल की नौकरी में किसी से कहासुनी तक नहीं हुई है। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी ने जहां फेसबुक पर गाली दी है वहीं आये दिन उनके लोगों द्वारा तरह-तरह की धमकी दी जाती रही है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों सहित जिलाधिकारी से की जा चुकी है। इस संबंध में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी केएस सिंह का कहना है कि मामले में मुङो फर्जी फंसाया गया है। विवेचना के बाद सत्यता सामने आ जाएगी
No comments:
Write comments