जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा के दौरान शिक्षक शिक्षिकाएं बच्चों को नकल का पाठ पढ़ा रहे हैं। शुक्रवार को निरीक्षण पर निकले अधिकारियों को शहर से लेकर गांव देहात तक स्कूलों में शिक्षक नकल कराते मिले। ऐसे डेढ़ दर्जन से अधिक शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। नगर शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय ककरऊ का निरीक्षण किया। यहां बच्चे पास पास बैठकर नकल कर रहे थे और शिक्षक उन पर कोई नियंत्रण करते नजर नहीं आए। कुछ अध्यापक तो किताब से नकल करा रहे थे। शिक्षकों के इस रवैये से खफा नगर शिक्षाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक सुरेश बाबू शर्मा के साथ ही दुष्यंत कुमार, मुकेश बाबू शुक्ला, सूरजपाल सिंह, आशा देवी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। प्राथमिक विद्यालय में भी यही हाल मिलने पर प्रधान अध्यापक रामसेवक यादव, ऊषा लहरी, अनीता सिंह, अर्चना सिंह, हेमलता सक्सेना के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
No comments:
Write comments