यूपी बोर्ड: त्रुटिरहित विवरण सुनिश्चित करने के लिए पोर्टल पर अपलोड करने के लिए पीडीएफ साइज बढ़ा, कल तक है संशोधन का अंतिम मौका
वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्र एवं अंकपत्र में त्रुटिरहित विवरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छात्र/छात्रा के नाम, माता/पिता के नाम की वर्तनी, जन्मतिथि, फोटो आदि में संशोधन हेतु निर्धारित प्रारूप पर प्रविष्टियाँ अंकित करते हुए आवश्यक साक्ष्यों सहित दिनांक 06.05.2026 को सायं 06:00 बजे तक अपलोड करने के निर्देश निर्गत किए गए थे।
तत्क्रम में अवगत कराना है कि संशोधन हेतु पूर्णतः भरे हुए प्रारूप एवं आवश्यक साक्ष्य / प्रपत्रों से संबंधित पीडीएफ अपलोड करने के लिए पोर्टल पर पीडीएफ फाइल की साइज बढ़ा दी गयी है।
उक्त प्रपत्रों को अपलोड करने के उपरांत यदि संशोधन से संबंधित कोई प्रकरण अवशेष रह जाता है, तो संबंधित विद्यालय ऐसे अवशेष प्रकरणों को अगले दिवस भी (निर्धारित अन्तिम तिथि तक) अपलोड कर सकते हैं।
छह तक शैक्षिक विवरण में करा लें संशोधन, फिर नहीं मिलेगा मौका, यूपी बोर्ड ने दी चेतावनी, इसके उपरांत त्रुटि सुधार की मांग किए जाने पर होगी कार्रवाई
04 मई 2026
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरण में त्रुटि सुधार के लिए तीन से चार बार मौका दे चुका है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनके शैक्षिक विवरण में कोई न कोई तकनीकी कमी है। स्कूलों के प्रधानाचार्य इस प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
ऐसे में यूपी बोर्ड ने छह मई तक अंतिम मौका देते हुए स्पष्ट किया है कि संशोधन करा लें, इसके बाद कोई भी मामला आया तो कार्रवाई की जाएगी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आ चुका है। जल्द ही अंकपत्रों का वितरण भी शुरू होने की संभावना है। ऐसे में शैक्षिक विवरण में सुधार के लिए परिषद ने पांचवीं और अंतिम बार अवसर प्रदान किया है।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों के प्रमाणपत्र सह अंकपत्र में नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, जन्मतिथि, फोटो आदि में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाने पर उसे सुधारने के लिए यह आखिरी मौका दिया जा रहा है।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भविष्य में होने वाली असुविधा से बचाना है। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप एवं मैन्युअल डाउनलोड करें।
इसके बाद संशोधन से संबंधित विवरण स्पष्ट रूप से भरकर स्वयं सत्यापित करें और जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर पुनः पोर्टल पर अपलोड करें। यह प्रक्रिया छह मई की शाम तक चलेगी। निर्धारित अवधि के भीतर विद्यालयों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
सचिव ने कहा है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधन के लिए आवेदन नहीं किया जाता और बाद में प्रमाणपत्र जारी होने के उपरांत त्रुटि सुधार की मांग की जाती है तो ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
27 अप्रैल 2026
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष-2026 के 10वीं और 12वीं के परिणाम के बाद शैक्षणिक विवरण की त्रुटि सुधारने के लिए अंतिम अवसर दिया है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
सचिव ने बताया कि परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र सह अंकपत्र में नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, जन्मतिथि, फोटो आदि में किसी प्रकार की त्रुटि को सुधारने का यह आखिरी मौका दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भविष्य में होने वाली असुविधा से बचाना है।
उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप एवं मैन्युअल डाउनलोड करें। इसके बाद संशोधन से संबंधित विवरण स्पष्ट रूप से भरकर स्वयं सत्यापित करें और जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर पोर्टल पर अपलोड करें।
यह प्रक्रिया 27 अप्रैल से 6 मई तक चलेगी। निर्धारित अवधि के भीतर विद्यालयों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ ऑनलाइन आवेदन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधन के लिए आवेदन नहीं किया जाता और प्रमाण पत्र जारी होने के उपरांत त्रुटि सुधार की मांग की जाती है, तो ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Write comments