मेरिट बढ़ने से भर्ती से बाहर हो रहे जिले के अधिकांश अभ्यर्थी
बीएसए कार्यालय में प्रदर्शन कर जांच सूची की कट-ऑफ मेरिट से काउंसिलिंग की मांग
भर्ती में प्राथमिकता से जिला वरीयता दिए जाने की बुलंद की आवाज
जासं, श्रवस्ती : बीटीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के रिक्त पदों पर शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया में फर्जी आवेदन गले की फांस बन गया है। जांच सूची के तहत कट-ऑफ मेरिट जारी किए जाने के बजाय आवेदन के आधार पर कट-ऑफ मेरिट जारी करने तथा जिला वरीयता को महत्व न देने से जनपद के बीटीसी उत्तीर्ण अधिकांश अभ्यर्थी चयन सूची से बाहर हो रहे हैं। इसके विरोध में अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। 1प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी सुरेंद्र पाठक, अनुराग व नितिन पांडेय ने बताया कि जिले के प्राथमिक विद्यालयों में बीटीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सौ पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए 26 अक्टूबर 2015 को काउंसिलिंग कराई गई। इसमें बीएलएड व डीएड अभ्यर्थियों को शामिल नहीं किया गया। इसके विरोध में बीएलएड व डीएड अभ्यर्थी हाईकोर्ट गए। हाईकोर्ट के आदेश पर इन अभ्यर्थियों को भर्ती में शामिल करने के लिए इनसे 30 दिसंबर से 15 जनवरी 2016 तक आवेदन मांगे गए। इस दौरान वेबसाइट खुलते ही कई फर्जी आवेदन कर दिए गए। कुल 56 नए आवेदन हुए। इनमें 11 अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने अपने विवरण में वर्ष 2012 में टीईटी उत्तीर्ण होना दर्शाया है। दिव्यांग का एक आवेदन तीन बार किया गया है। इसी प्रकार अन्य खामियां भी हैं। आवेदन के आधार पर काउंसिलिंग के लिए जारी की गई चयन सूची में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ मेरिट 71.13 से बढ़ कर 74.1 प्रतिशत हो गई। इसी प्रकार अन्य वर्ग के अभ्यर्थियों की भी मेरिट काफी बढ़ गई है। फर्जी आवेदन के चलते बढ़ी मेरिट से जिले के अधिकांश अभ्यर्थी पात्रता के बाहर हो रहे हैं। ऐसे में दूसरी काउंसिलिंग में रिक्त पदों पर गैर जनपद के अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी जाएगी, जबकि श्रवस्ती के बीटीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थी बेरोजगार रह जाएंगे। आशुतोष, भूपेंद्र त्रिपाठी व विपिन त्रिपाठी ने बताया कि काउंसिलिंग के समय जिला वरीयता दी जानी चाहिए। भर्ती में इस अंधेरगर्दी के विरोध में अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और भर्ती रोकने की मांग की। इस दौरान अरविंद कुमार, पल्लवी पटेल, भोली, प्रिया, आरती, महेश कुमार, दिनेश, निगिता कुमारी व विक्रम आर्या आदि रहे।
No comments:
Write comments