निरीक्षण के दौरान शिक्षिकाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बीएसए का घेराव कर प्रदर्शन किया। उधर बीएसए ने आरोपों को निराधार बताया है। शनिवार को उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं शनिवार दोपहर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र हुए, यहां उन्होंने बीएसए के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना पर शिक्षक-शिक्षिकाएं एकत्र होकर एलआईसी कार्यालय के पास पहुंचे और वहां से गुजर रहे बीएसए का घेराव कर प्रदर्शन किया। वहां से बीएसए एक घंटा बाद कार्यालय में पहुंचने की बात कहकर चले गए। शिक्षक कार्यालय में प्रदर्शन करते रहे। शिक्षकों का आरोप था कि बीएसए ने निरीक्षण के दौरान रसूलपुर पिरथी में मुख्याध्यापिका व अन्य स्टाफ के साथ अभद्रता की। आरोप है कि कुछ ऐसे शब्द कहे जिन्हें वह बयां नहीं कर सकती हैं। बाद में चेतावनी दी गई कि 26 सितम्बर तक वार्ता नहीं की तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार यादव, महामंत्री दुष्यंत कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, महामंत्री प्रशांत कुमार, लता रानी, लीना तोमर, अर्चना शर्मा, आशा, चंद्रकांता आदि रहे। उधर बीएसए महेश चंद्र का कहना है कि आरोप निराधार हैं। वह स्टाफ के साथ निरीक्षण के लिए गए थे। उन्होंने किसी के साथ कोई अभद्रता नहीं की है।
No comments:
Write comments