जींद : जिस देश में शिक्षा की पूजा होती है, वह विकास में मीलों आगे निकल जाता है। तय किया गया है कि केंद्रीय विद्यालय व नवोदय विद्यालय खोले जाएं। शिक्षा में गुणवत्ता के साथ प्रतिस्पर्धा भी होनी चाहिए। केंद्रीय विद्यालय, नवोदय, सीबीएसई, सरकारी सहित सभी स्कूलों में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए कि कौन अच्छा है।
यह बातें केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कही। वह शुक्रवार को हरियाणा के गांव बुडायन में देश के 1141वें केंद्रीय विद्यालय की आधारशिला रखने पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज देश में 15 लाख विद्यालय, 38 हजार महाविद्यालय और 700 विश्वविद्यालय हैं। इन शिक्षण संस्थानों में लगभग एक करोड़ अध्यापक 27 करोड़ विद्यार्थियों को शिक्षित कर रहे हैं। सभी को बेहतर शिक्षा सहजता से उपलब्ध कराने के लिए हर वर्ष तीन हजार विद्यालय देश में स्थापित कराए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को अपने अंदर निहित ज्ञान प्रदान कर देश के निर्माण में अपना अहम योगदान करें।
जावड़ेकर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का भवन 18 करोड़ रुपये से 18 माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
No comments:
Write comments