नई दिल्ली : सीबीएसई की 10वीं कक्षा में बोर्ड परीक्षा की वापसी हो सकती है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों से मानसिक दबाव हटाने के लिए छह साल पहले 10वीं में बोर्ड परीक्षा को खत्म कर दिया था। लेकिन अब इसे फिर से वापस लाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में अंतिम फैसला 25 अक्टूबर को होने वाली केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
मंत्रलय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिक्षाविदों और अभिभावकों के संगठनों ने सरकार से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बोर्ड परीक्षा खत्म करने और किसी को फेल नहीं करने की नीति से शैक्षणिक गुणवत्ता पर असर पड़ा है। अधिकारी के अनुसार, यह भी देखा गया है कि छात्र सीधे 12वीं बोर्ड का दबाव ङोलने में सक्षम नहीं साबित हो रहे हैं। इससे उनको अपना भावी कैरियर तय करने में भी मुश्किल आ रही है। हालांकि, इस बात पर अभी सहमति नहीं बन सकी है कि किस साल से इसे शुरू किया जाए। वैसे 2018 को संभावित वर्ष के रूप में देखा जा रहा है।
No comments:
Write comments