इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 42078 परीक्षार्थियों ने किया आवेदन, 10वीं-12वीं की इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 30 जून तक मांगे थे आवेदन
2 जुलाई 2026
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 के लिए 42 हजार से अधिक छात्र - छात्राओं ने आवेदन किया है। हाईस्कूल के लिए 20851 और इंटरमीडिएट के लिए 21227 ने आवेदन किया हैं। बोर्ड ने 30 जून तक आवेदन मांगे थे। परीक्षा जुलाई में होने की संभावना है।
यूपी बोर्ड ने पहली बार इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा के बाद निजी एजेंसी उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन करेगी और मूल्यांकन के लिए निर्धारित केंद्र पर डिजिटल माध्यम से भेजी जाएगी। परीक्षक मूल्यांकन के बाद ऑनलाइन अंक अपलोड करेंगे। इससे सटीक और जल्द परिणाम तैयार होने की उम्मीद हैं। यूपी बोर्ड के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले वर्ष से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
वर्ष 2025 में इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा में 20768 छात्र व छात्राओं ने और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा में 25623 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 42078 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।
5 जून 2026
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल अंक सुधार और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी कर दिया है। कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन छह जून से 27 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद चालान की मूल प्रति और आवेदन पत्र की प्रति को 27 जून की अंतिम तिथि के बाद तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य होगा।
हाईस्कूल अंक सुधार परीक्षा व इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में लिखित और प्रयोगात्मक दोनों भागों में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को दोनों भागों की परीक्षा देनी होगी। वहीं किसी विषय के एक भाग में अनुत्तीर्ण और दूसरे भाग में उत्तीर्ण अभ्यर्थी केवल अनुत्तीर्ण भाग की परीक्षा दे सकते हैं। यदि वे चाहें तो दोनों भागों की परीक्षा में भी शामिल हो सकते हैं। लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देश परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
No comments:
Write comments