रविवार को उदित नारायण इंटर कालेज के सभागार में पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्षरत आल इंडिया टीचर्स इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में मंडलीय सम्मेलन संपन्न हुई, जिसमें वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बचाओ के लिए लगातार आंदोलन चलाने के मुद्दे पर सहमति जताई। इस मौके पर सभी संगठनों ने एकजुटता का भरोसा दिलाया। बतौर मुख्य अतिथि अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधू ने कहा कि संघर्षों की बदौलत जो लक्ष्य मिला है, वह पर्याप्त नहीं हैं। पहली अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त हुए शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों की असमय मृत्यु व विकलांगता की दशा में पारिवारिक पेंशन का शासनादेश जारी करा संघ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आगामी 23 अक्टूबर को प्रत्येक जिले में सपा के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके पश्चात 13 नवंबर को लखनऊ में विशाल रैली के माध्यम से सरकार को मजबूर करेंगे कि हमारी मांगें पूरी करें। कर्मचारी नेता प्रभुनन्द उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारी हितों के प्रति संगठन लड़ाई लड़ने के लिए तत्पर रहें। सफाई कर्मी संघ के प्रदेशीय अध्यक्ष क्रांति कुमार ने लोगों से संगठन को मजबूत करने तथा 13 नवंबर को लखनऊ अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। कार्यक्रम को नीरज त्रिपाठी, प्रदीप कुमार सिंह, विजय प्रताप यादव, सतेंद्र राय ने संबोधित किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेश मिश्र ने की। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जनपद की जिला कार्यकारिणी की घेषणा की गई, जिसमें जिलाध्यक्ष राजीव यादव, उमाकांत मिश्र जिला संरक्षक, रमाकांत गुप्ता के जिला सह संयोजक, जिला मंत्री मनीष तिवारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडल अध्यक्ष जगदंबिका मणि त्रिपाठी ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में गोरखपुर मंडल पूर्ण सहयोग करेगा। इस सम्मेलन में प्रभात कुमार शुक्ल, उपेंद्र कुशवाहा, ब्रजभूषण पांडेय, मनीष तिवारी, संदीप राय, मृगेंद्र राव, अतुल पति त्रिपाठी, मुरली मनोहर, अजय कुमार, नन्द लाल, विनोद सिंह, मिथिलेश सिंह, धर्म प्रकाश पाठक, रेनू राय, श्वेता सांगवान, गुंजन, शीतन सक्सेना आदि शिक्षक, कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में गोरखपुर, देवरिया व कुशीनगर जिले के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Write comments