स्कूलों की प्रगति जांचेगी सोशल ऑडिट टीम
श्रावस्ती: नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत परिषदीय विद्यालयों के विभिन्न कार्यक्रमों की सोशल ऑडिट के माध्यम से जांच की जाएगी। इसके तहत स्कूलों में पारदर्शिता, सहभागिता एवं जवाबदेही सुनिश्वित की जा सकेगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए टीम गठित कर दी गई है। 1जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शाहीन ने बताया कि विद्यालय की निगरानी एवं अनुश्रवण को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर स्कूल प्रबंध समिति को उत्तरदायी बनाया गया है। राज्य परियोजना के निर्देश में स्कूलों की प्रगति जांचने के लिए सर्वशिक्षा अभियान योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में सोशल ऑडिट कराया जाना है। बीएसए ने बताया कि ऑडिट जिला स्तर पर गठित टीम की ओर से की जाएगी। जिलाधिकारी नितीश कुमार इस ऑडिट टीम के अध्यक्ष हैं। सीडीओ एनपी सिंह उपाध्यक्ष तथा बीएसए व सीएमओ को सचिव नामित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी इस टीम के सदस्य हैं। सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि सोशल ऑडिट के क्रियांवयन एवं प्रशिक्षण के लिए गठित टीम में विकास खंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक पंचायत सदस्य एवं स्थानीय स्वयंसेवी संस्था का एक सदस्य होगा। सोशल ऑडिट के लिए विद्यालय स्तरीय समिति का गठन भी किया जाएगा। टीम में ग्राम पंचायत सदस्य, वार्ड सदस्य, गैर सरकारी संगठन, स्वयं सहायता समूह, सेवानिवृत्त शिक्षक व अन्य विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी तथा कर्मचारी होंगे। ब्लॉक स्तर पर टीम को प्रशिक्षित किया जाएगा।
No comments:
Write comments