📌 चौक स्टेडियम में मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह का हुआ रंगारंग आगाज
लखनऊ : प्राथमिक स्कूलों व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में होने वाली परीक्षाओं में अब विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र व कॉपियां दी जाएंगी, ताकि वह ढंग से परीक्षा दे सकें। यह विचार बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन ने व्यक्त किए। वह रविवार को चौक स्टेडियम में 36 वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्राइमरी स्कूल व पूर्व माध्यमिक स्कूलों के करीब 1200 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। 1बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राइमरी स्कूल व पूर्व माध्यमिक स्कूलों में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए सरकारी मदद और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले महीने राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित होगी। पढ़ाई के साथ खेल का भी बहुत महत्व है और इससे व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास होता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव आशीष गोयल, निदेशक बेसिक शिक्षा डीबी शर्मा, सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक महेंद्र सिंह राणा व बीएसए प्रवीण मणि त्रिपाठी मौजूद रहे। इस मंडलीय प्रतियोगिता में दौड़, खो-खो, कबड्डी, ऊंची कूद, लंबी-कूद, दौड़, अंत्याक्षरी, योग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल शिक्षक अनुराग सिंह राठौर ने बताया कि पहले दिन प्राइमरी स्तर की बालिका की दौड़ में लखनऊ की अर्चना ने पहला, उन्नाव की गुड़िया ने दूसरा व सीतापुर की सुनैना ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं प्राइमरी स्तर पर बालकों की दौड़ में लखीमपुर के तीन छात्र अजरुन, दिलीप व आशुतोष क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। सोमवार को इस मंडलीय प्रतियोगिता का समापन होगा।
No comments:
Write comments