संसू, लखनऊ : जिस स्कूल में गौरैया अपना निवास बनाएगी उस स्कूल के शिक्षकों व बच्चों को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 20 मार्च को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित होने वाले विश्व गौरैया दिवस कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत करेंगे। यह बातें लखनऊ मंडल की मुख्य वन संरक्षक ईवा शर्मा व डीएफओ श्रद्धा यादव ने शनिवार को चिनहट ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिनहट में कहीं। इस अवसर पर चिनहट ब्लॉक के करीब 55 स्कूलों को बर्ड हाउस वितरित किया गया। ईवा शर्मा ने कहा कि गौरैया करीब 80 प्रतिशत तक समाप्त होने के कगार पर है। कहा कि अब तालाब और पानी की कमी होती जा रही है। कृषि में पेस्टीसाइड प्रयोग हो रहा है। जिसे खाकर गौरैया मर जाती हैं। मोबाइल टावर से निकलने वाली इलेक्ट्रो मैग्नेटिक तंरगें गौरैया को नुकसान पहुंचा रही हैं। गौरैया कीट, पंतगें, कीड़े-मकौड़ों को खाकर हमें डेंगू, चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचाती हैं। डीएफओ श्रद्धा यादव ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वन विभाग द्वारा जिले के सभी स्कूलों में गौरैया हाउस वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बच्चों से इन घोसलों को सुरक्षित स्थान पर लगा कर संरक्षण करने में सहयोग करने की अपील की। क्षेत्रीय वन अधिकारी ओपी सिंह, महेंद्र सिंह यादव, उप प्रभारी वन अधिकारी अतलु अस्थाना, एके सिंह ने भी शिक्षकों व बच्चों को जानकारी दी। उधर, दुबग्गा पीरनगर बरावनखुर्द स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी एके द्विवेदी ने गौरैया को संरक्षित करने और उसे बचाने के पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य संतोष तिवारी, गुंजन गुप्ता व छात्र-छात्रएं मौजूद रहे।
No comments:
Write comments