गोरखपुर : मानदेय और सेवा बहाली की मांग को लेकर माध्यमिक विद्यालयों में तैनात कंप्यूटर अनुदेशकों ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। माध्यमिक कंप्यूटर अनुदेशक एसोसिएशन के आह्वान पर मंडल भर के अनुदेशकों ने शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल के कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और मानदेय व सेवा बहाली की गुहार लगाई। मंडल अध्यक्ष श्रीदेव शाही ने बताया कि कंप्यूटर अनुदेशक पिछले पांच वर्ष से प्रदेश के चार हजार राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अपनी सेवा दे रहे हैं। अधिकतर अनुदेशकों का कान्टेक्ट समाप्त हो गया है तो कुछ का समाप्त होने वाला है। इसके बाद भी वे विभाग की मंशा के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। फिर भी मानदेय से वंचित हैं। सरकार की गलत नीतियों के चलते कंप्यूटर शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विभाग भी ध्यान नहीं दे रहा। कंप्यूटर अनुदेशक सरकार की तरफ आशा पूर्ण निगाहों से देख रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से निश्चित मानदेय और शिक्षक का दर्जा दिए जाने की गुहार लगाई है। इस मौके पर प्रवीण तिवारी, रामनाथ चौहान, श्रद्धानंद त्रिपाठी, राजेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार मिश्र, सतीश कुमार, मनोज यादव, सुशील कुमार दूबे, विजय प्रकाश मिश्र, अनिल मिश्र आदि मौजूद थे।
No comments:
Write comments