प्राथमिक विद्यालय में समायोजन की मांग को लेकर शिक्षा आचार्य/मदरसा अनुदेशकों ने मंगलवार से तीन दिवसीय धरना शुरू किया। पहले दिन प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी कर कड़ा विरोध जताया। जल्द ही मांग पूरी न होने पर प्रदर्शनकारियों ने जल समाधि देने की भी चेतावनी दी। वैकल्पिक शिक्षा आचार्य/मदरसा अनुदेशक वेलफेयर (आचार्य जी शिक्षक महासंघ) उप्र के आह्वान पर विभिन्न जिलों से आए प्रदर्शनकारियों ने अपना डेरा डाल दिया है। संगठन के संस्थापक व सहायता प्रकोष्ठ भाजपा के कार्यकर्ता जितेंद्र ओझा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन से लक्ष्मण मेला स्थल की ओर कूच किया। पूरे रास्ते सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सभी लोग धरना स्थल पहुंचे। संस्थापक ने कहा कि आचार्य शिक्षकों को यथा शीघ्र सहायता अध्यापक के रूप में मान्यता नहीं दी गई तो इसका जवाब आगामी विधान सभा चुनाव में दिया जाएगा। भाजपा के प्रदेश संयोजक सहयोग राम कुमार शुक्ला ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने भाजपा पार्टी की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा जताया। धरने में राजन ओझा, मुहम्मद इस्माइल, भास्कर राय, इशरत जहां व कृष्णा शाही सहित कई लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Write comments