दिव्यांग छात्राओं को मुफ्त मिलेगी ई ट्राईसाइकिल, यूपी सरकार ने दी हरी झंडी
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने स्कूल जाने वाली या प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को ई ट्राईसाइकिल दिए जाने के लिए अनुदान नियमावली, 2026 को हरी झंडी दे दी है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने इसका आधिकारिक शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था वित्तीय वर्ष 2026-27 से पूरे प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू होगी।
अक्सर गंभीर दिव्यांगता के चलते कई होनहार छात्राएं कॉलेज, लाइब्रेरी या ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट तक नहीं पहुंच पाती हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए सरकार प्रति ई ट्राईसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये तक की अनुदान राशि देगी। इससे छात्राओं को आधुनिक और सुविधाजनक ई ट्राईसाइकिल मिल सकेगी, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई और तकनीकी प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगी।
लाभ केवल उन्हीं दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा, जो किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान में नियमित रूप से अध्ययनरत हैं। यह सुविधा विशेष रूप से मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी और हीमोफीलिया जैसी गंभीर शारीरिक अक्षमताओं से प्रभावित छात्राओं के लिए है, जिन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कष्ट होता है। ई ट्राईसाइकिल के सुरक्षित संचालन के लिए छात्रा की दृष्टि, मानसिक स्थिति और कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह स्वस्थ होना अनिवार्य है। दिव्यांगता का प्रतिशत संबंधित जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक होगा।
No comments:
Write comments