विकास खंड बरहनी के परसिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का सोमवार को एसडीएम सदर लालसाहब प्रजापति व तहसीलदार गुलाब चंद्रा के निर्देश पर लेखपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय डेढ़ माह से पानी से घिरे व विभिन्न ज्वलंत समस्याओं की दयनीय दशा की रिपोर्ट तैयार करके ले गए। परसिया गांव के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्राथमिक विद्यालय बनवाया गया था। जिसके छत से पानी के टपकने की शिकायत आई थी। तो उसके मरम्मत के साथ 2006 में दो भवन और बनवाया गया था। जिसके गांव के 67 बच्चों का पठन पाठन होता है। इसका बाउंड्रीवाल तो पहले ही जगह जगह गिर चुका है। लेकिन सबसे ज्वलंत समस्या यह है कि पिछले डेढ़ माह से बारिश का पानी और गांव के नाले का पानी सब एक होकर पूरे विद्यालय परिसर में जलप्लावन की स्थिति बनाए हुए है। क्योंकि विद्यालय परिसर के पश्चिम तरफ बने गड्ढे में ही पूरे गांव का पानी गिरता है। इसमें उगे घास फुस व झाड़ झंखाड़ सड़ाध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। वहीं उक्त पानी से हैंडपंप का पानी भी दूषित हो गया है। विद्यालय में एमडीएम बनाने के लिए गांव से पानी लाना पड़ता है। वहीं एमडीएम खाने के लिए बच्चों को घरों से पानी लेकर आना पड़ता है। वहीं किचन व शौचालय की हालत भी दयनीय हो गई है। यहां तक विद्यालय में भी जाने का रास्ता नहीं, इससे पीछे की चाहरदीवारी तोड़ कर बच्चे व शिक्षक विद्यालय में प्रवेश करते है। अगर कहीं पैर फिसला तो छोटे बच्चे गड्ढे में फिसल कर गिर सकते है। इससे कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। साथ ही जमे पानी से लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इन्हीं सब का रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को सौंपा जाएगा।
No comments:
Write comments