तहसील क्षेत्र प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी बनने के एक माह के बाद ही रविवार को गिर गई। उस समय विद्यालय परिसर में खेल रहे गांव के बच्चे बाल-बाल बच गए। उधर चहारदीवारी निर्माण में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में रोष है। प्राथमिक विद्यालय भादों में 2010-11 में 200 मीटर चहारदीवारी बनाने के लिए धन आवंटित हुआ था लेकिन मात्र 40 मीटर ही बन सकी। खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नरायण सिंह के दबाव और ग्रामीणों की बार-बार की शिकायत के बाद एक माह पहले ही चहारदीवारी का निर्माण प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश गिरि द्वारा कराया गया था। ग्रामीणों ने निर्माण के समय ही घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिसका परिणाम सामने आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार की जगह यदि स्कूल समय में ऐसा होता तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि चहारदीवारी निर्माण की जांच जेई से कराई जाएगी।
No comments:
Write comments