विज्ञान गौरव पुरस्कार, विज्ञान रत्न पुरस्कार व यंग युवा पुरस्कार की धनराशि बढ़ी : पाण्डेय
लखनऊ
(एसएनबी)। प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय
ने कहा है कि समाजवादी पार्टी सरकार विज्ञान के क्षेत्र को बढ़ावा देने के
उद्देश्य से बाल विज्ञान एवं युवा वैज्ञानिकों की खोज कर उन्हें सम्मानित
करने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग
द्वारा प्रथम चरण में सात जिलों में बाल विज्ञान पुरस्कार एवं मॉडल
प्रदर्शनी, विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में
विजयी बाल वैज्ञानिकों को पुरस्कृत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार
ने पुरस्कार की धनराशि में बढ़ोतरी कर दी है।पाण्डेय ने यहां एक
प्रेसवार्ता में कहा कि गौतमबुद्धनगर में विज्ञान प्रदर्शनी का 18 दिसम्बर,
झांसी-3 जनवरी, रायबरेली- 11 जनवरी, मैनपुरी- 28 जनवरी, कन्नौज-29 जनवरी व
गोरखपुर और लखनऊ में 17 फरवरी को आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के इस युग में प्रतिभावान छात्र/छात्राओं को
विभाग द्वारा हर सम्भव मदद प्रदान की जाएगी। ऐसी प्रतिभाओं की खोज कर
उन्हें सम्मानित करने का काम विभाग की पहल से किया जा रहा है। राज्य सरकार
इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी व प्रबन्धन के
प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित व पुरस्कृत करेगी। इसके लिए जो पुरस्कार
राशि दी जा रही थी, उसे बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि विज्ञान गौरव
पुरस्कार की धनराशि Rs 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख, विज्ञान रत्न पुरस्कार- 50
हजार से बढ़ाकर 2 लाख 50 हजार व यंग युवा पुरस्कार की धनराशि 25 हजार से
बढ़ाकर Rs 1 लाख कर दी गयी है, ताकि विज्ञान के छात्र समय-समय पर अपने
आविष्कारों के माध्यम से प्रदेश एवं देश का सम्मान बढ़ायें। उन्होंने कहा
कि इसके साथ ही बाल वैज्ञानिक पुरस्कार से विज्ञान विषय से हाईस्कूल व इंटर
के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। पाण्डेय
ने कहा कि प्रत्येक जनपद में कार्यक्रमों का आयोजन कर बाल विज्ञान एवं युवा
वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Write comments