प्रतापगढ़ : शहर के मीराभवन स्थित बीएसए कार्यालय के समीप बाइक सवार बदमाशों ने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को गोली मार दी। गोली उनके बगल से निकल गई। शिक्षक जान बचाने के लिए स्टेडियम की दीवार फांद गए, जिससे उनका एक हाथ टूट गया। सूचना पाकर आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, शहर कोतवाल ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।जेठवारा थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव निवासी नीरज सिंह (40) प्राथमिक विद्यालय पूरे अंती में अध्यापक हैं। वह शुकुलपुर में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की देर शाम वह अपने एक साथी के साथ बीएसए कार्यालय की तरफ गए थे। उसी समय एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और पिस्टल निकालकर उन पर फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनकर नीरज भागने लगे तो हमलावरों ने उनका पीछा कर उन पर ताबड़तोड़ तीन फायर झोंक दिया। जान बचाने के लिए कार्यालय से सटे स्टेडियम के दीवार को फांद गए और भागते हुए सनई अनुसंधान की तरफ भाग निकले। दीवार फांदने में उनका एक हाथ टूट गया और साथ ही पैरों में भी चोटें आईं। आसपास के लोगों ने उन्हें किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पहुंचे शहर कोतवाल ने उनका बयान दर्ज किया। घायल शिक्षक ने बताया कि रंजिश में उन्हें गोली मारी गई। इस बारे में शहर कोतवाल हरपाल सिंह यादव ने बताया कि अध्यापक का बयान ले लिया गया है, उनकी निशानदेही पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। फिलहाल अभी वह खतरे से बाहर हैं
No comments:
Write comments