नवोदय विद्यालय छात्रा की मौत के मामले में सीएम योगी की सख्ती बाद डीएम का तबादला, एसआईटी ने शुरू की सघन जांच, दुष्कर्म की पुष्टि।
जेएनएन, लखनऊ/मैनपुरी : नवोदय विद्यालय की छात्र के साथ दुष्कर्म हुआ था। उसके बाद उसका शव 16 सितंबर को छात्रवास के बरामदे में फंदे पर झूलता मिला था। आगरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों की रिपोर्ट भी पुलिस को मिल गई है। इस बीच शासन से एसपी अजय शंकर राय के बाद जिलाधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय को भी हटा दिया है। इधर, शासन द्वारा गठित एसआइटी ने सोमवार को स्कूल में पहुंच कर जांच की। मामले में पीड़िता के पिता ने दुष्कर्म और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद सीबीआइ जांच के लिए केंद्र सरकार को रिमाइंडर भेज दिया गया है।
16 सितंबर की सुबह नवोदय विद्यालय की छात्र का शव फंदे पर लटका मिला था। 17 सितंबर को छात्र के पिता ने दुष्कर्म व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें एक नाबालिग छात्र के अलावा विद्यालय की तत्कालीन प्रधानाचार्य सुषमा सागा व वार्डन को नामजद करते हुए एक अज्ञात को आरोपित किया गया था। प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया था और शासन स्तर से सीबीआइ जांच की सिफारिश कर दी गई। दो महीने की जांच में पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची।
इस मामले में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया। दो दिन पहले प्रियंका ने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद रविवार को एसपी अजय शंकर राय को हटा दिया गया। सोमवार को जिलाधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय को भी स्थानांतरित कर दिया गया। उनके स्थान पर अपर आयुक्त गन्ना महेंद्र बहादुर सिंह को जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, प्रमोद कुमार उपाध्याय अब अपर आयुक्त गन्ना की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इधर, छात्र के साथ दुष्कर्म होने की भी पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने दुष्कर्म की जांच का स्लाइड बनाया था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा की जांच में स्लाइड में मेल स्पर्म पाए गए हैं। रिपोर्ट में डीएनए जांच की भी सिफारिश की गई थी।
एसआइटी की जांच शुरू हो गई है। अभी वह जानकारी ले रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ कह सकेंगे। - मोहित अग्रवाल, एसआइटी प्रमुख
● डीएनए और पॉलीग्राफ टेस्ट होगा
मामले में पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए सोमवार को पुलिस विद्यालय के तीन छात्रों के अलावा शिक्षक व महिला वार्डन को लेकर लखनऊ रवाना हो गई। एएसपी ने बताया कि मंगलवार को सभी का पॉलीग्राफ टेस्ट लखनऊ में होगा।
● एसआइटी ने की स्टाफ से पूछताछ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद मामले की जांच तेज हो गई है। विशेष जांच दल (एसआइटी) गठन के 24 घंटे के भीतर सक्रिय हो गया। एसआइटी के नेतृत्वकर्ता कानपुर परिक्षेत्र के आइजी मोहित अग्रवाल ने सोमवार को मैनपुरी आकर जांच शुरू कर दी है। स्टाफ से भी जमकर सवाल-जवाब किए। इधर, नवागत एसपी अजय कुमार ने भी देर शाम कार्यभार ग्रहण कर लिया। शासन ने रविवार को सीबीआइ जांच के लिए केंद्र सरकार को रिमाइंडर भेजने और सीबीआइ जांच शुरू होने तक कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआइटी गठित कर दी।
No comments:
Write comments