महराजगंज : विकास खंड सदर अन्तर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय कांध पर निरीक्षण करने पहुंचे ग्राम प्रधान और हेडमास्टर में उस समय ठन गई जब हेड मास्टर ने रजिस्टर देने से इंकार कर दिया। इसे लेकर हेड मास्टर और ग्राम प्रधान में तीखी बहस भी हुई। इसके बाद ग्राम प्रधान ने हेड मास्टर पर आरोप लगाते हुए शिकायतों का पुलिंदा खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर को सौंपा है। ग्राम प्रधान दिनेश ने कहा कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय की हेडमास्टर अनामिका मिश्रा द्वारा विद्यालय में अनियमितता बरती जा रही है। 29 मार्च को निरीक्षण किया गया तो वो समय से विद्यालय नहीं पहुंची थी, काफी इंतजार के बाद जब वो विद्यालय आयी तो उनसे विद्यालय का रजिस्टर मांगा गया तो उन्होंने अधिकारी को रजिस्टर दिखाने की बात कहकर रजिस्टर देने से इंकार कर दिया। मीनू के अनुसार मिड डे मील, दूध और पौष्टिक आहार बच्चों को नहीं दिया गया। उपस्थिति पंजिका में 16 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी, किन्तु मौके पर दस छात्र ही उपस्थित थे। इस बारे में वो कोई स्पष्टीकरण नहीं दे सकी। प्रकरण की समुचित जांच कर उचित कार्यवाही की जाए।
जब कि हेड मास्टर अनामिका मिश्रा ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। वे नियमित रूप से विद्यालय जाती है। ग्राम प्रधान चार-पांच लोगों को लेकर विद्यालय आए थे जिनसे विद्यालय का कोई वास्ता नहीं था। प्रधान के संग आए लोग न विद्यालय के सदस्य हैं और न ही अभिभावक। प्रधान ने करीब ढाई घंटे तक बैठ कर सवाल किया जिसका संतोषजनक उत्तर भी दिया गया। लेकिन बीच-बीच में प्रधान की भाषा शैली ठीक नहीं रही। रसोइयों को भी बेवजह डांट पिलाई। उनके इस व्यवहार से ढाई घंटे शिक्षण कार्य भी प्रभावित रहा।
खबर साभार : 'दैनिक जागरण'
No comments:
Write comments