लखनऊ (एसएनबी)। बेहतर शिक्षा हक अभियान के तहत पुवरेस्ट एरिया सिविल सोसाइटी (पैक्स) व अन्य स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में समावेशी तथा पूर्ण शिक्षा के लिए ‘‘दौड़ेगा यूपी बेहतर शिक्षा के लिए’ कार्यक्रम के तहत रविवार को दो किमी. दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ का आयोजन लोहिया पार्क से 1090 चौराहे तक किया गया, जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि एनसीपीआर की जूही सिंह ने किया।इस दौरान जूही सिंह ने कहा कि बेहतर शिक्षा के लिए इस तरह का अभियान अपने आप में एक महत्वपूर्ण संदेश दे रहा है। वे स्वयं इस दौड़ में शामिल रहीं। 1090 चौराहे पर पहुंचकर बीबीडी कम्युनिटी रेडियो नैत्री व राकआश्रम के सहयोग से बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर पैक्स के राज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार ने शिक्षा के अधिकार कानून के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश की शिक्षा की स्थिति पर विस्तार से र्चचा की। उन्होंने बताया कि नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम-2009 कानून उत्तर प्रदेश में वर्ष 2010 में आया। इस अधिनियम के अन्तर्गत छह से 14 साल तक की आयु के बच्चों को सरकार द्वारा नि:शुल्क व अनिवार्य शिक्षा प्रदान करना है। इस अधिनियम के पश्चात प्रदेश की शिक्षा की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार आया है। समग्र साक्षारता दर 2008-09 में 56.30 फीसद थी, जो 2014-15 में बढ़कर 69.70 फीसद हो गयी। प्राथमिक विद्यालयों में विशेष रूप से बालिकाओं और विद्यालय छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में कमी आयी है। वर्ष 2008-09 में यह दर 12.70 फीसद थी जो वर्ष 2014-15 में कम होकर 7.08 फीसद रह गयी है। इस अवसर पर टाटा ट्रस्ट की अमिता जैन, विज्ञान फाउण्डेशन के संदीप खरे, स्पार्क इण्डिया के अमिताभ, रामायण यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस दौरान प्रतिभागियों को सार्टीफिकेट भी प्रदान किए गये।
No comments:
Write comments