DISTRICT WISE NEWS

अंबेडकरनगर अमरोहा अमेठी अलीगढ़ आगरा इटावा इलाहाबाद उन्नाव एटा औरैया कन्नौज कानपुर कानपुर देहात कानपुर नगर कासगंज कुशीनगर कौशांबी कौशाम्बी गाजियाबाद गाजीपुर गोंडा गोण्डा गोरखपुर गौतमबुद्ध नगर गौतमबुद्धनगर चंदौली चन्दौली चित्रकूट जालौन जौनपुर ज्योतिबा फुले नगर झाँसी झांसी देवरिया पीलीभीत फतेहपुर फर्रुखाबाद फिरोजाबाद फैजाबाद बदायूं बरेली बलरामपुर बलिया बस्ती बहराइच बाँदा बांदा बागपत बाराबंकी बिजनौर बुलंदशहर बुलन्दशहर भदोही मऊ मथुरा महराजगंज महोबा मिर्जापुर मीरजापुर मुजफ्फरनगर मुरादाबाद मेरठ मैनपुरी रामपुर रायबरेली लखनऊ लखीमपुर खीरी ललितपुर लख़नऊ वाराणसी शामली शाहजहाँपुर श्रावस्ती संतकबीरनगर संभल सहारनपुर सिद्धार्थनगर सीतापुर सुलतानपुर सुल्तानपुर सोनभद्र हमीरपुर हरदोई हाथरस हापुड़
Showing posts with label डीएलएड. Show all posts
Showing posts with label डीएलएड. Show all posts

Saturday, November 7, 2026

NIOS से डीएलएड शिक्षक नई भर्ती के लिए पात्र, चयन प्रक्रिया में शामिल होने की हाईकोर्ट ने दी अनुमति, 11 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन, चयन आयोग ने बढ़ाई तिथि

हाईकोर्ट के आदेश के बाद शिक्षक भर्ती में NIOS से डीएलएड को भी मौका, 11 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन, चयन आयोग ने आवेदन पोर्टल किया को सक्रिय करते हुए बढ़ाई तिथि

प्रयागराज। शहरी क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11508 सहायक अध्यापक भर्ती और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के सम्बद्ध प्राइमरी प्रभाग में सहायक अध्यापक के 897 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि दोबारा बढ़ा दी गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर अब एनआईओएस से 18 माह का डीएलएड करने वाले अभ्यर्थी 11 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करते हुए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सेवारत एनआईओएस डीएलएड शिक्षकों को ऑनलाइन आवेदन का अंतिम अवसर दिया गया है। अभिषेक पाठक व 44 अन्य की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट के पांच नवंबर के आदेश के अनुपालन में एनआईओएस से डीएलएड (ओडीएल) सभी सेवारत अध्यापकों को आवेदन की अनुमति दी गई है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन हाईकोर्ट के अंतिम आदेशों के अधीन रहेगा।

आयोग के उप सचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे सेवारत अध्यापक, जो दस अगस्त 2017 को सेवा में थे तथा एक अप्रैल 2019 के पूर्व एनआईओएस से 18 माह की डीएलएड-ओडीएल किए हैं, वे आयोग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आयोग का आवेदन पोर्टल शुक्रवार से पुनः क्रियाशील कर दिया गया है।

इस भर्ती की लिखित परीक्षा आगामी तीन एवं चार दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। इससे पहले शिक्षाशास्त्र में दो वर्षीय डिप्लोमा (विशेष शिक्षा) तथा चार वर्षीय प्रारंभिक शिक्षाशास्त्र में स्नातक (बीएलएड) उपाधिधारकों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्तूबर से एक सप्ताह के लिए विस्तारित करते हुए अब चार नवंबर की गई थी।




NIOS से डीएलएड शिक्षक नई भर्ती के लिए पात्र, गतिमान प्राथमिक शिक्षक भर्ती चयन प्रक्रिया में शामिल होने की हाईकोर्ट ने दी अनुमति

लखनऊ। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान से दूरस्थ शिक्षा के जरिए 18 महीने का डीएलएड डिप्लोमा करने वाले सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। न्यायमूर्ति पंकज भाटिया की एकल पीठ ने अभिषेक पाठक व 44 अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए इन्हें सहायक अध्यापक भर्ती (विज्ञापन संख्या 5/2026) की चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि यह राहत सिर्फ 45 याचियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समान योग्यता वाले सभी सेवारत अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका देने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। जरूरी हो तो आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ाई जाए।

डिप्लोमा को भर्ती में नहीं दी जा रही थी मान्यता

याचियों की ओर से दलील दी गई कि वे शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत तय समय-सीमा में सेवारत अप्रशिक्षित शिक्षक के रूप में एनआईओएस के ओडीएल माध्यम से डीएलएड डिप्लोमा कर चुके हैं। कोर्स एनसीटीई से मान्यता प्राप्त था। इसके बावजूद हाल ही में जारी सहायक अध्यापक भर्ती में उनके डिप्लोमा को अनिवार्य शैक्षिक योग्यता के रूप में मान्यता नहीं दी जा रही थी और उन्हें आवेदन से वंचित किया जा रहा था।

कार्यकारी हाईकोर्ट ऑर्डर 👇

Tuesday, November 3, 2026

अब स्कूलों में पढ़ाकर शिक्षक बनने की बारीकियां सीखेंगे बीटीसी-बीएड प्रशिक्षु, इंटर्नशिप को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर जोर देने की तैयारी

इंटर्नशिप को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए बीएड प्रशिक्षुओं को राजकीय और सहायताप्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में इंटर्नशिप की गई अनिवार्य 

अब स्कूलों में पढ़ाकर शिक्षक बनने की बारीकियां सीखेंगे बीटीसी-बीएड प्रशिक्षु, इंटर्नशिप को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर जोर देने की तैयारी

लखनऊः शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे बीटीसी और बीएड प्रशिक्षु अब केवल प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ाई और अभ्यास तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्कूलों में बच्चों को पढ़ाकर शिक्षण की बारीकियां भी सीखेंगे। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से उनकी इंटर्नशिप को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर जोर है। बीटीसी प्रशिक्षुओं के लिए परिषदीय और सहायताप्राप्त विद्यालयों में, जबकि बीएड प्रशिक्षुओं को राजकीय और सहायताप्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है।


अभी तक इंटर्नशिप की व्यवस्था होने के बावजूद इसके क्रियान्वयन को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखती थी। अब बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्तर पर इसे व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के लिए कहा गया है। अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए हैं। जिलों में भी इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

इंटर्नशिप के दौरान प्रशिक्षुओं को पाठ योजना तैयार करने, कक्षा में पढ़ाने, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का आकलन करने और कक्षा प्रबंधन जैसे कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इससे उन्हें यह समझने का अवसर मिलेगा कि अलग-अलग क्षमता वाले बच्चों को किस तरह पढ़ाया जाए, कक्षा में अनुशासन कैसे बनाए रखा जाए और पढ़ाई को रुचिकर कैसे बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण संस्थानों में सीखी गई शिक्षण विधियों को विद्यालयों में आजमाने का अवसर भी मिलेगा। इससे भविष्य में शिक्षक के रूप में उनकी कार्यक्षमता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Thursday, October 29, 2026

UP D.El.Ed / BTC प्रमाणपत्रों का होगा ऑनलाइन सत्यापन, परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने शुरू की तैयारी, नवंबर से शुरू हो सकती है सत्यापन प्रक्रिया

UP D.El.Ed / BTC प्रमाणपत्रों का होगा ऑनलाइन सत्यापन, परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने शुरू की तैयारी, नवंबर से शुरू हो सकती है सत्यापन प्रक्रिया


प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में D.El.Ed (BTC) के प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय प्रमाणपत्रों के सत्यापन और प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए कदम उठा रहा है।


रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रमाणपत्रों के सत्यापन में पारदर्शिता बढ़ाना और प्रक्रिया को सुगम बनाना है। इसके तहत ऑनलाइन सत्यापन व्यवस्था विकसित करने तथा संबंधित प्रक्रिया को लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

प्रमाणपत्रों के ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया नवंबर से शुरू की जा सकती है। हालांकि, इसके लिए संबंधित विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश और विस्तृत दिशा-निर्देश देखना आवश्यक होगा।

Wednesday, October 28, 2026

ग्रामीण संवर्ग में सहायक अध्यापकों के 48,883 पदों का आंकड़ा आया सामने, भर्ती के विज्ञापन का शुरू हुआ इंतजार

ग्रामीण संवर्ग में सहायक अध्यापकों के 48,883 पदों का आंकड़ा आया सामने, भर्ती के विज्ञापन का शुरू हुआ इंतजार


नौ वर्ष में 23 प्रतिशत डीएलएड प्रशिक्षु बन पाये शिक्षक

नौ वर्ष में प्रदेश में 5,79,967 डीएलएड प्रशिक्षु निकले

अब तक 126,371 प्रशिक्षुओं को मिली नियुक्ति


प्रयागराज : परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से पिछले नौ वर्ष में पांच लाख 35 हजार 389 प्रशिक्षुओं को डीएलएड प्रशिक्षण प्रदेशभर में कराया गया। इनमें से एक लाख 26 हजार 371 प्रशिक्षत अभ्यर्थियों को शिक्षक पद पर नियुक्ति दी गई है। अर्थात करीब 23 प्रतिशत अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्राप्त कर ली है। यह आंकड़ा मार्च 2026 तक का है। यह जानकारी विधान सभा के तृतीय सत्र में सपा नेता अनिल प्रधान की ओर से पूछे गए प्रश्न के जवाब में राज्य मंत्री संदीप सिंह ने दी।



यह भी बताया गया कि सहायक अध्यापक के 48,883 पद ग्रामीण संवर्ग के और नगर क्षेत्र के 12075 पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत बेसिक शिक्षा विभाग में 12,405 पदों पर सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इसमें शहरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 11,508 पद हैं जबकि अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राइमरी) के 897 पद हैं।

चुनावी वर्ष में नियुक्तियों और भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की कवायद तेजी से चल रही है। सत्ताधारी दल रोजगार के पर्याप्त अवसर देने का दावा कर रहा है, जबकि विपक्ष बेरोजगारी और सरकारी नौकरियों के न विज्ञापित होने का आरोप लगा रहा है। इन सब के बीच विधान सभा के तृतीय सत्र में सपा नेता अनिल प्रधान की ओर से पूछे गए प्रश्न के जवाब महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब भी ग्रामीण संवर्ग के 48,883 सहायक अध्यापकों की भर्ती के विज्ञापन का इंतजार बना हुआ है।

पीएनपी सचिव राजेंद्र प्रताप के अनुसार प्रदेश में कुल 3423 डीएलएड कालेज हैं। इनमें 67 डायट, 253 अल्पसंख्यक संस्थान और 3103 निजी क्षेत्र के कालेज हैं। कुल 2,39,500 सीटें हैं। मार्च 2026 के बाद पीएनपी ने दो परीक्षा परिणाम घोषित किए। मई 2026 में एक लाख 24 हजार 909 और सितंबर-अक्टूबर की परीक्षा में 19,669 नए डीएलएड प्रशिक्षु निकले।

Monday, October 26, 2026

डीएलएड की सेमेस्टर परीक्षा में 9798 अभ्यर्थी फेल, परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर जारी किया गया द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम

डीएलएड की सेमेस्टर परीक्षा में 9798 अभ्यर्थी फेल, परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर जारी किया गया द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम

25 अक्टूबर 2026
प्रयागराज। डीएलएड द्विवर्षीय पाठ्यक्रम परीक्षा अक्तूबर-2026 के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें प्रदेश से 41,671 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 40,640 की उपस्थिति रही।

इसमें 30,690 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनका पास प्रतिशत 75.52 रहा। 1031 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 152 अभ्यर्थियों का परिणाम अपूर्ण रहा जबकि 9798 अभ्यर्थी इस परीक्षा में फेल हो गए हैं। परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से परिणाम घोषित किया गया है।

द्वितीय सेमेस्टर में 17,437 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16925 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। द्वितीय सेमेस्टर में 12789 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। इसका पास प्रतिशत 75.56 रहा। चतुर्थ सेमेस्टर में 24234 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 23715 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। चतुर्थ सेमेस्टर में 17901 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। इसका पास प्रतिशत 75.48 रहा।

द्वितीय सेमेस्टर के आंकड़े
डीएलएड 2019 बैच के द्वितीय सेमेस्टर में दो अभ्यर्थी पंजीकृत थे जो अनुपस्थित रहे। 2021 बैच में 293 में से 115 अभ्यर्थी (45.10 फीसदी) पास हुए। 2022 बैच में 1178 में से 789 अभ्यर्थी (78.59 फीसदी) उत्तीर्ण हुए। 2023 बैच में 15964 में से 11885 अभ्यर्थी (75.87 फीसदी) सफल रहे।

चतुर्थ सेमेस्टर का विवरण
डीएलएड 2019 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर में 138 में से 90 अभ्यर्थी (76.27 फीसदी) उत्तीर्ण हुए। 2021 बैच में 1016 में से 585 अभ्यर्थी (58.91 फीसदी) पास हुए। 2022 बैच में 4587 में से 3268 अभ्यर्थी (76.66 फीसदी) सफल रहे। 2023 बैच में 18493 में से 13958 अभ्यर्थी (76.10 फीसदी) उत्तीर्ण हुए। परीक्षार्थी अपना परिणाम वेबसाइट btcexam.in और updeledinfo.in पर देख सकते हैं।






 तृतीय सेमेस्टर में 8644 अनुत्तीर्ण, डीएलएड द्विवार्षिक पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम घोषित

16 अक्टूबर 2026
प्रयागराज । सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने डीएलएड द्विवार्षिक पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें सत्र 2018, 2019, 2021, 2022, 2023 के साथ सितंबर 2026 के नतीजे शामिल हैं। डीएलएड 2023 बैच के तृतीय सेमेस्टर में 8644 प्रशिक्षु अनुत्तीर्ण घोषित हुए हैं जबकि 36181 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। 1541 अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम अधूरे हैं। 370 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। उत्तीर्ण घोषित होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 25996 है।

डीएलएड 2023 प्रथम सेमेस्टर में पंजीकृत 11830 प्रशिक्षुओं में से 296 अनुपस्थित रहे और 154 का परिणाम अपूर्ण है। 2517 फेल हो गए जबकि 9151 ने परीक्षा पास कर ली है। डीएलएड 2022 तृतीय सेमेस्टर में पंजीकृत 4200 प्रशिक्षुओं में से 312 अनुपस्थित, 32 का परिणाम अपूर्ण, 983 अनुत्तीर्ण और 3183 उत्तीर्ण हैं। डीएलएड 2021 तृतीय सेमेस्टर में 1302 प्रशिक्षुओं में से 38 अनुपस्थित रहे 113 का परिणाम अपूर्ण है।

Monday, September 28, 2026

डीएलएड में एक विषय में तीन बार फेल अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन होगा समाप्त, परिषदीय स्कूलों में शिक्षक भर्ती से पहले अभ्यर्थी कर रहे पुनर्परीक्षा की मांग

डीएलएड में एक विषय में तीन बार फेल अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन होगा समाप्त, परिषदीय स्कूलों में शिक्षक भर्ती से पहले अभ्यर्थी कर रहे पुनर्परीक्षा की मांग


प्रयागराज। नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में 11,508 पदों पर शिक्षक भर्ती से पहले डीएलएड करने वाले कई अभ्यर्थी पुनर्परीक्षा की अनुमति मांग रहे हैं। वहीं, परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप ने एक विषय में तीन बार अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।


उन्होंने कहा कि दो बार सेमेस्टर बैक वाले अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा। कार्यालय के चक्कर लगाने से नियमों में बदलाव संभव नहीं है। सचिव ने बताया कि यह आदेश डीएलएड प्रशिक्षण के नियमों के अनुरूप है।

उच्च न्यायालय के आदेश पर नियम का पालन किया जा रहा है। उच्च न्यायालय ने 20 फरवरी 2026 को इस संबंध में आदेश दिया था।

Saturday, September 19, 2026

नहीं हुई डीएलएड-2023 बैक परीक्षा भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन

नहीं हुई डीएलएड-2023 बैक परीक्षा भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन

प्रयागराज। डीएलएड-2023 बैच के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को पीएनपी (परीक्षा नियामक प्राधिकारी) के बाहर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की फाइनल बैक परीक्षा जल्द कराई जाए।


परिणाम घोषित न होने से वे प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। हजारों छात्र भर्ती प्रक्रिया से वंचित हो सकते हैं, जबकि उनकी शैक्षणिक प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के पंकज पांडेय ने परीक्षा और परिणाम में देरी को अभ्यर्थियों के लिए नुकसानदेह बताया।

उन्होंने ऐसी व्यवस्था की मांग की जिससे छात्र समय पर परीक्षा पूरी कर आवेदन कर सकें। रजत सिंह ने भी परीक्षा कराने की मांग का समर्थन किया। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेगा। 

Thursday, September 17, 2026

यूपी में डीएलएड की 58 फीसदी सीटें फिर रह गईं खाली, 100918 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित, प्रवेश लेने वालों की संख्या और कम होगी

यूपी में डीएलएड की 58 फीसदी सीटें फिर रह गईं खाली,  100918 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित,  प्रवेश लेने वालों की संख्या और कम होगी

17 सितंबर 2026
प्रयागराज। डीएलएड प्रवेश के लिए कॉलेज आवंटन में ही 58 फीसदी सीटें खाली रह गईं। प्रवेश की अंतिम तिथि 25 सितंबर तक दाखिले के आंकड़े और कम होने की उम्मीद है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की 10600 व 3,304 निजी एवं अल्पसंख्यक कॉलेजों की 2,28,900 कुल 2,39,500 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन मांगे थे। ऑनलाइन आवेदन मात्र 152202 अभ्यर्थियों ने किया था।

बुधवार को जारी दूसरे चरण के अंतिम संस्था आवंटन में 33299 अभ्यर्थियों में से 33188 का आवंटन हुआ है। सभी चरणों में कुल 100918 (93339 निजी कॉलेज व 7579 डायट) सीटें ही भरी जा सकी हैं। पिछले साल भी महज 95817 (10309 अल्पसंख्यक) सीटें ही भरी जा सकी थीं। यह स्थिति तब है जबकि पिछले साल से दूसरे राज्य के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश के रास्ते खोल दिए गए हैं। साफ है कि बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान आदि के बेरोजगारों ने भी डीएलएड प्रवेश में रुचि नहीं दिखाई है।



यूपी डीएलएड : खोजे नहीं मिल रहे छात्र, 25 से ज्यादा कॉलेज मान्यता छोड़ने को तैयार, कई प्राइवेट कॉलेज ऐसे जहां शून्य प्रवेश, एक लाख से अधिक सीटें खाली रहने का अनुमान

12 सितम्बर 2026
प्रयागराज। परिषदीय स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए अनिवार्य डीएलएड कोर्स के प्रति छात्र-छात्राओं की रुचि साल दर साल कम होती जा रही है। इस बार कई कॉलेजों को अभी तक एक भी विद्यार्थी नहीं मिला है। ऐसे में गौतमबुद्धनगर, आगरा, उन्नाव, कानपुर समेत अन्य जिलों के 25 से ज्यादा प्राइवेट कॉलेजों ने मान्यता खत्म करने के लिए आवेदन कर दिया है।


इस वर्ष प्रदेश में एक लाख से ज्यादा सीटों के खाली रहने का अनुमान है। आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में डीएलएड की कुल 2,39,500 सीटें हैं जिनमें महज 1,70,332 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें भी 18130 अभ्यर्थियों ने फीस नहीं जमा की है। इससे अब 1,52,202 अभ्यर्थी ही बचे हैं। इस स्थिति में करीब एक लाख सीटों पर दाखिला नहीं हो पाएगा। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि छात्रों को डीएलएड कोर्स नहीं भा रहा है।

दरअसल, पहले बीटीसी करने के बाद प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनना आसान होता था। मौजूदा समय में प्रदेश भर में लाखों की संख्या में छात्र डीएलएड करने के बाद नौकरी की राह देख रहे हैं।


पिछले वर्ष भी खाली रह गई थीं 1.43 लाख सीटें

वर्ष 2025 में भी यही स्थिति रही। 2,39,500 सीटों के सापेक्ष 1,38, 860 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए थे। इनमें 1.25 लाख अभ्यर्थियों ने फीस जमा की। लेकिन, 95,769 अभ्यर्थियों ने ही कॉलेज में प्रवेश लिया। ये सभी प्रवेश प्रदेश के कुल 3103 प्राइवेट, 66 डायट व राजकीय कॉलेज तथा 253 अल्पसंख्यक कॉलेजों में हुए थे

पहले की अपेक्षा डीएलएड में कम छात्र प्रवेश ले रहे हैं। यही कारण है कि करीब 25 डीएलएड कॉलेज संचालकों ने आवेदन कर कॉलेज से इस कोर्स की मान्यता खत्म करने की बात कही है। - राजेंद्र प्रताप सचिव, उप्र परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज

डीएलएड प्रशिक्षित महिलाएं उत्तराखंड में शादी के बाद बन सकेंगी शिक्षक, शिक्षा विभाग ने दी राहत, लेकिन ऐसे अभ्यर्थी को उत्तराखंड में लागू आरक्षण नहीं मिलेगा

डीएलएड प्रशिक्षित महिलाएं उत्तराखंड में शादी के बाद बन सकेंगी शिक्षक, शिक्षा विभाग ने दी राहत, लेकिन ऐसे अभ्यर्थी को उत्तराखंड में लागू आरक्षण नहीं मिलेगा

उत्तराखंड में विवाह के बाद निवास प्रमाण पत्र को लेकर चल रहा था विवाद

देहरादूनः उत्तराखंड में बेसिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रही अन्य राज्यों से दो वर्षीय डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) करने वाली विवाहित महिला अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग ने राहत दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश अथवा किसी अन्य राज्य के मान्यता प्राप्त संस्थान से डीएलएड करने वाली महिला, जिसका विवाह उत्तराखंड में हुआ है, प्रदेश में बेसिक शिक्षक पद के लिए पात्र मानी जाएगी। हालांकि, ऐसी अभ्यर्थियों को उत्तराखंड में लागू आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।


 शिक्षा विभाग के अनुसार, मूल राज्य में आरक्षित वर्ग की होने के बावजूद उत्तराखंड में विवाह के बाद नौकरी के लिए आवेदन करने वाली इन महिलाओं को सामान्य श्रेणी का अभ्यर्थी माना जाएगा। इसके लिए डीएलएड प्रमाण पत्र संबंधित राज्य के मान्यता प्राप्त संस्थान का होना आवश्यक है। 

यह मामला वर्ष 2024 में बेसिक शिक्षकों के 2906 पदों पर निकली भर्ती के बाद सामने आया था। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात बाहरी राज्यों से डीएलएड करने वाली और उत्तराखंड में विवाह करने वाली करीब 95 महिला समेत 152 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच शुरू कर दी गई थी। जिनमें कुछ ऐसे मामले भी थे कि विवाहिता ने बेसिक शिक्षक बनने के लिए पूर्व से मिल रहे आरक्षण का दावा किया था। जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Wednesday, September 16, 2026

परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) अब डिजिटलीकरण की राह पर, यूपीटीईटी और डीएलएड की मार्कशीट अब एक क्लिक पर

परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) अब डिजिटलीकरण की राह पर, यूपीटीईटी और डीएलएड की मार्कशीट अब एक क्लिक पर

30 लाख से ज्यादा छात्रों को मिलेगी राहत, डिजिलॉकर में मिलेगी मार्कशीट


प्रयागराज। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) खुद को डिजिटल करने जा रहा है। डीएलएड व यूपी-शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की मार्कशीट को अब विशेष सॉफ्टवेयर पर लाने की तैयारी चल रही है। छात्र अब एक क्लिक पर अपनी मार्कशीट आसानी से देख सकेंगे।


इसके अलावा मार्कशीट को डिजीलॉकर में भी अपलोड किया जाएगा। चयन आयोग व लोक सेवा आयोग समेत अन्य संस्थाओं को भी इससे बड़ी सहूलियत होगी। मार्कशीट के लिए उन्हें कोई पत्राचार करने की जरूरत नहीं होगी। सीधे वह सॉफ्टवेयर के माध्यम से यह पता लगा सकेंगे कि मार्कशीट असली है या फर्जी।

वर्ष 2013 से 2021 तक की मार्कशीट- प्रमाण पत्र नए सॉफ्टवेयर पर अपलोड किए जाने हैं। नवंबर माह तक इस काम को पूरा करने का लक्ष्य पीएनपी की ओर से तय किया गया है। करीब 30 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।

प्रदेश भर के डीएलएड व टीईटी के जो अभ्यर्थी मार्कशीट के लिए प्रयागराज स्थित पीएनपी का चक्कर लगाते हैं उन्हें भाग-दौड़ से राहत मिलेगी। विभिन्न विभागों की ओर से इन मार्कशीट के सत्यापन में भी महीनों का समय लग जाता है। मार्कशीट सत्यापन के लिए पीएनपी में भी पुराने रिकॉर्ड की तलाश होती है। ऐसे में सॉफ्टवेयर तैयार होने से आसानी से मार्कशीट के सत्यापन हो सकेंगे।


शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया था। अनुमति मिलने के बाद नया सॉफ्टवेयर तैयार कराया जा रहा है। यूपी बोर्ड की तर्ज पर मार्कशीट को डिजिलॉकर में अपलोड किया जाएगा। इससे मार्कशीट के सत्यापन में सहूलियत होगी। वर्ष 2013 से 2021 तक की मार्कशीट को नए सॉफ्टवेयर पर अपलोड किया जाएगा। - डॉ. राजेंद्र प्रताप, सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज


गोपनीयता के लिए पीएनपी के पास पहुंचेगा ओटीपी

यदि किसी संस्था की ओर से किसी छात्र की मार्कशीट का सत्यापन किया जाता है तो इसकी जानकारी सीधे पीएनपी को भी होगी। पीएनपी मुख्यालय में इसकी ओटीपी भी आएगी, इससे पीएनपी में यह रिकॉर्ड होगा कि किसके द्वारा किस छात्र की मार्कशीट का सत्यापन किया जा रहा है। इस सॉफ्टवेयर में गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। कुछ समय पहले फर्जी टीईटी की मार्कशीट का मामला सामने आया था। इस व्यवस्था से फर्जीवाड़े पर रोक लग सकेगी।

Wednesday, August 12, 2026

यूपी बेसिक शिक्षा में शिक्षकों के 60,958 पद रिक्त, नगर क्षेत्र के 11508 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव प्रेषित

यूपी बेसिक शिक्षा में शिक्षकों के 60,958 पद रिक्त,  नगर क्षेत्र के 11508 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव प्रेषित 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के तृतीय सत्र 2026 के प्रथम मंगलवार को विधायक श्री तेज प्रताप सिंह (करहल) द्वारा पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या-51 के जवाब में बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश में छात्र-शिक्षक अनुपात और शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े सामने रखे हैं।

प्रश्न के जवाब में राज्य सरकार ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 में निर्धारित मानक के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात 30:1 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 35:1 है।

विधानसभा में पूछे गए सवाल में शिक्षकों के स्वीकृत पदों और वर्तमान रिक्तियों की जानकारी भी मांगी गई थी। विभाग के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की सीधी भर्ती के कुल 3,27,804 स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान में 60,958 पद रिक्त हैं।

रिक्त पदों पर भर्ती के सवाल पर सरकार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन के लिए शासन की अधिसूचना संख्या-415/79-शि0-1-2023-1-क-14-2023, दिनांक 21 अगस्त 2023 जारी की जा चुकी है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में नगर क्षेत्र के सहायक अध्यापकों के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती के लिए बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय द्वारा 17 मई 2026 को अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजा गया है।

इससे स्पष्ट है कि सरकार के सामने बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में रिक्त शिक्षक पदों का मुद्दा मौजूद है और भर्ती प्रक्रिया के लिए कम से कम 11,508 पदों का अधियाचन आयोग को भेजे जाने की जानकारी विधानसभा में दी गई है।

हालांकि प्रश्नोत्तरी में यह भी उल्लेखनीय है कि रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने के संबंध में पूछे गए प्रश्न के बाद “यदि नहीं, तो क्यों?” का प्रश्न ही नहीं उठता, और विभागीय उत्तर में भी आगामी भर्ती की समयसीमा अथवा सभी 60,958 रिक्त पदों को भरने की कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है।

विधानसभा में प्रस्तुत यह जवाब ऐसे समय में सामने आया है जब प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में स्वीकृत पदों और कार्यरत शिक्षकों के बीच रिक्तियों का आंकड़ा हजारों में है। ऐसे में 30:1 और 35:1 के निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात को जमीन पर बनाए रखने के लिए रिक्त पदों को भरना कितना जरूरी है, यह सवाल भी इस प्रश्नोत्तरी के आंकड़ों के साथ एक बार फिर सामने आता है।




प्राथमिक शिक्षकों के 11508 रिक्त पदों का अधियाचन पोर्टल पर अपलोड, करीब 30 वर्ष बाद नगरीय विद्यालयों के लिए अधियाचन प्रेषित

प्रयागराज। प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने के आसार हैं। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के लिए 11,508 पदों का अधियाचन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के ई-पोर्टल पर अपलोड किया गया है। नगरीय विद्यालयों में इतनी संख्या में रिक्त पदों पर अधियाचन करीब 30 वर्ष बाद अपलोड किए गए हैं।

ग्रामीण अंचल के विद्यालयों के लिए 48 हजार पदों का अधियाचन अपलोड करने की तैयारी की सूचना है। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग अधियाचन का परीक्षण कर करीब 59 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज कर सकता है।

प्रदेश में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के 2.25 लाख से अधिक विद्यालय हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इनमें डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं। जून में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने नगरीय क्षेत्र के लिए प्रत्यक्ष रूप से अधियाचन भेजा था। विधानसभा में पूछे गए सवालों के जवाब में पदों की पुष्टि की गई थी।

नगर क्षेत्र में 15 हजार तक हैं रिक्तियां
नगरीय विद्यालयों में 12 से 15 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। बेसिक शिक्षा परिषद ने 11,508 पदों के लिए अधियाचन ई-पोर्टल पर अपलोड किया है। 2010 के बाद ग्रामीण अंचल में शिक्षकों की कमी को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों के अध्यापकों के तबादले किए गए थे। इस वजह से नगरीय विद्यालयों में पद रिक्त हो गए थे। अब उन्हें भरने की कवायद तेज हो गई है।




उत्तर प्रदेश में 60,958 सहायक अध्यापक पद रिक्त, नगर क्षेत्र के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के तृतीय सत्र में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या-153 के उत्तर में बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश में सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों और भर्ती की स्थिति स्पष्ट की है।

सरकार के अनुसार वर्ष 2017 से 9 मार्च 2026 तक कुल 5,35,389 प्रशिक्षुओं को डीएलएड (D.El.Ed.) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जबकि 1,26,371 प्रशिक्षुओं को शिक्षक पद पर नियुक्ति दी गई है।

विभाग ने बताया कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों में ग्रामीण क्षेत्र में सहायक अध्यापकों के 48,883 तथा नगर क्षेत्र में 12,075 सीधी भर्ती के पद रिक्त हैं।

रिक्त पदों पर भर्ती के संबंध में सरकार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम-2023 लागू होने के बाद परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पदों पर चयन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी।

इसी क्रम में नगर क्षेत्र के 11,508 सहायक अध्यापक पदों पर सीधी भर्ती के लिए 17 मई 2026 को शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय द्वारा अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजा जा चुका है। सरकार ने संकेत दिया है कि आगे की भर्ती प्रक्रिया आयोग के माध्यम से नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी।


Saturday, August 1, 2026

डीएलएड-2023 के चतुर्थ सेमेस्टर में आधे हुए फेल, 2018 से 2024 बैच के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित

डीएलएड-2023 के चतुर्थ सेमेस्टर में आधे हुए फेल, 2018 से 2024 बैच के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित

🔴 137615 प्रशिक्षुओं में से 73883 ही हो सके पास

🔴 डीएलएड 2024 द्वितीय सेमेस्टर में 64559 फेल

♠️ द्वितीय सेमेस्टर रिजल्ट लिंक:

https://updeledinfo.in/


♠️ चतुर्थ सेमेस्टर रिजल्ट लिंक:

https://btcexam.in/



प्रयागराज। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने डीएलएड 2018 से 2024 बैच के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। डीएलएड 2023 चतुर्थ सेमेस्टर के 137615 प्रशिक्षुओं में से 137042 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 62258 (45.43 प्रतिशत) पास हैं, 73883 फेल हो गए, जबकि 573 गैरहाजिर रहे।

डीएलएड 2024 द्वितीय सेमेस्टर में पंजीकृत 139223 प्रशिक्षुओं में से 137554 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 72861 (52.97 प्रतिशत) पास हैं, 64559 फेल हो गए और 1669 अनुपस्थित रहे। डीएलएड 2023 द्वितीय सेमेस्टर में 53729 प्रशिक्षुओं में से 52992 सम्मिलित हुए। इनमें से 32692 (61.69 फीसदी) पास हैं, 20246 फेल हो गए जबकि 737 गैरहाजिर रहे।

डीएलएड 2022 चतुर्थ सेमेस्टर में पंजीकृत 14702 प्रशिक्षुओं में से 14160 उपस्थित थे। इनमें से 8959 (63.27 प्रतिशत) पास हैं, 5182 फेल हो गए और 542 अनुपस्थित थे। डीएलएड 2022 द्वितीय सेमेस्टर में 7267 प्रशिक्षुओं में से 6675 उपस्थित हुए। इनमें से 4424 (66.28 फीसदी) पास हैं, 2250 फेल हो गए और 592 गैरहाजिर रहे।


Saturday, June 20, 2026

लेखपाल व अन्य नौकरी संग किया डीएलएड-बीटीसी प्रमाणपत्र निरस्त, शिकायत पर कराई गई जांच के बाद PNP ने उठाए सख्त कदम

लेखपाल व अन्य नौकरी संग किया डीएलएड-बीटीसी प्रमाणपत्र निरस्त, शिकायत पर कराई गई जांच के बाद PNP ने उठाए सख्त कदम


प्रयागराज : प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए आवश्यक डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) / बीटीसी प्रशिक्षण के साथ कहीं और रेगुलर पढ़ाई या कोई नौकरी नहीं की जा सकती, लेकिन छह जिलों में ऐसा किए जाने का मामला सामने आया है। ऐसे अभ्यर्थियों को प्रदान किया गया डीएलएड/बीटीसी प्रमाणपत्र उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) ने शिकायत की जांच कराने के बाद निरस्त कर दिया है।


डीएलएड प्रशिक्षण दो वर्षीय रेगुलर पढ़ाई का डिप्लोमा कार्यक्रम है। इसमें अभ्यर्थियों की निर्धारित प्रशिक्षण संस्थान (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान यानी डायट/निजी प्रशिक्षण संस्थान) में नियमित उपस्थिति अनिवार्य है। इसके विपरीत कुछ अभ्यर्थियों ने सरकारी कार्यालयों में किसी न किसी पद पर सेवा देते हुए डीएलएड/बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूर्ण हो जाने के कई वर्ष बाद कुछ अभ्यर्थियों के विरुद्ध पीएनपी कार्यालय में अलग-अलग शिकायतें की गईं, जिसकी तत्कालीन पीएनपी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने जांच कराई। इसमें एक प्रकरण एटा जिले का है। 


एटा के अभ्यर्थी ने लेखपाल के पद पर कार्यरत रहते हुए वर्ष 2014 बैच में बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसी तरह वर्ष 2013 के बैच में बीटीसी प्रशिक्षण के समय गाजीपुर के एक अभ्यर्थी अनुदेशक के रूप में कार्यरत रहे। इसके अतिरिक्त चंदौली के अभ्यर्थी ने बीटीसी प्रशिक्षण बैच 2015 के दौरान चिकित्सा विभाग में डाटा आपरेटर के पद पर ड्यूटी की, जबकि कौशांबी के अभ्यर्थी ने पंचायत सहायक के रूप में कार्यरत रहने के दौरान डीएलएड प्रशिक्षण बैच-2022 पूरा किया। मेरठ और कासगंज में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। शिकायत सही मिलने पर पीएनपी ने इनके प्रमाणपत्र निरस्त कर सूचना संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों को भेजी है।

Monday, June 15, 2026

डीएलएड-2021 बैच के द्वितीय सेमेस्टर की बैक परीक्षा परिणाम में गणित के अंक प्रदर्शित न होने व परिणाम रोकने के मामले में PNP से हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

डीएलएड-2021 बैच के द्वितीय सेमेस्टर की बैक परीक्षा परिणाम में गणित के अंक प्रदर्शित न होने व परिणाम रोकने के मामले में PNP से हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

डीएलएड-2021 बैच की प्रयागराज निवासी व चार अन्य की याचिका पर कोर्ट ने मांगी जानकारी


प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि डीएलएड-2021 बैच के द्वितीय सेमेस्टर की बैक परीक्षा परिणाम में गणित के अंक प्रदर्शित नहीं करने और परिणाम रोकने के मामले में परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) अपना पक्ष रखें। अगली सुनवाई जुलाई के तीसरे सप्ताह में होगी।


यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभश्याम शमशेरी की एकल पीठ ने प्रयागराज की राधिका और चार अन्य की याचिका पर दिया है। अधिवक्ता ने दलील दी कि याची बैच के हैं। इन्होंने चार अप्रैल 2025 को द्वितीय सेमेस्टर की बैंक परीक्षा में भाग लिया था।

परीक्षा के बाद पीएनपी ने अधिकांश का परिणाम जारी कर दिया पर कुछ अभ्यर्थियों की अंकतालिका में गणित के अंक अंकित नहीं किए। इससे उनका द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम रिजेक्ट दिख रहा।

अभ्यर्थी डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं पर द्वितीय में बैक पेपर के परिणाम में इस त्रुटि से अंतिम परिणाम भी प्रभावित हो गया है।

Saturday, June 6, 2026

नौकरी की उम्मीदें धुंधली इसलिए डीएलएड से पीछे हट रहे छात्र, वर्ष 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो रही

नौकरी की उम्मीदें धुंधली इसलिए डीएलएड से पीछे हट रहे छात्र, वर्ष 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो रही 

5 जून 2026
◾वर्ष 2025 में 86 हजार से भी कम रह गई संख्या
◾वर्ष 2024 में 1.91 लाख अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण

प्रयागराज। प्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में लंबे अंतराल और सीमित रोजगार अवसरों का असर अब शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों पर भी दिखाई देने लगा है। डीएलएड जैसे पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों की रुचि लगातार घट रही है। स्थिति यह है कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कभी भारी प्रतिस्पर्धा होती थी, वहां अब बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने लगी हैं।

परीक्षा नियामक प्राधिकारी के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 3,046 निजी कॉलेजों और 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में डीएलएड की लगभग 2.39 लाख सीटें हैं। वर्ष 2024 में जहां करीब 1.91 लाख अभ्यर्थियों ने डीएलएड प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया था, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 86 हजार से भी कम कम रह गई। वर्ष 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 15 जून से शुरू होगी।

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भी लंबे समय तक भर्ती न निकलने से छात्रों का भरोसा कम हुआ है। प्रदेश में बीएड, डीएलएड और अन्य शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों से जुड़े अभ्यर्थियों की संख्या 28 से 30 लाख के बीच बताई जाती है, जो विभिन्न शिक्षक भर्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

वर्ष 2017 में 72,825 और वर्ष 2019 में लगभग 69 हजार सहायक अध्यापक पदों की भर्ती से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को अवसर मिला था, लेकिन इसके बाद से नई भर्तियों का इंतजार लगातार लंबा होता गया है।

प्रतियोगिता बढ़ी, अवसर सीमित 
वर्ष 2019 की शिक्षक भर्ती में लगभग 15 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हाल में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के लिए 20 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।

अभ्यर्थी और संगठन की पीडा
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव का कहना है कि प्रदेश में प्रशिक्षित करीब 30 लाख छात्र रोजगार के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं को नियमित और समयबद्ध बनाए जाने की आवश्यकता है। वहीं प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधि शीतला प्रसाद ओझा का कहना है कि लंबे समय से पर्याप्त संख्या में भर्तियां न होने के कारण डीएलएड सहित अन्य शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों की रुचि प्रभावित हुई है।




डीएलएड से घटा प्रतियोगियों का मोह किसी डायट में नहीं भरी सभी सीटें, प्रदेश के 67 डायट में से 14 में आधी से ज्यादा रिक्त सीटें

निजी डीएलएड संस्थानों को मिलाकर डेढ़ लाख सीटों पर नहीं मिले अभ्यर्थी

29 मई 2026
प्रयागराजः प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) प्रशिक्षण के प्रति छात्र-छात्राओं का रुझान लगातार कम हो रहा है। यही कारण है कि पिछले कई वर्ष से डीएलएड की सभी सीटें नहीं भर पा रही हैं। सत्र विलंबित होने के कारण वर्ष 2025 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 2026 में पूरी हुई और प्रवेश की स्थिति यह है कि प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में से कोई ऐसा नहीं है, जिसकी सभी सीटें भरी हों। 14 डायट ऐसे हैं, जिनमें आधी से ज्यादा सीटों पर अभ्यर्थी नहीं मिले। इस तरह डायट और निजी डीएलएड प्रशिक्षण संस्थानों को मिलाकर 2,39,500 सीटों में से करीब 90 हजार सीटों पर ही प्रवेश हुए हैं।


प्रदेश में 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) संचालित हैं। इसमें वाराणसी में संचालित कालेज आफ टीचर एजुकेशन (सीटीई) भी सम्मिलित है। इसके अलावा 3,046 निजी डीएलएड संस्थान एवं 258 अल्पसंख्यक कालेज चल रहे हैं। इस तरह इन सभी संस्थानों को मिलाकर कुल 2,39,500 सीटों में से करीब 1.49 लाख खाली रह गई हैं। 


स्थिति यह है कि डायट के रूप में संचालित सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों की सभी सीटों के लिए भी अभ्यर्थी नहीं मिले। डायट में प्रवेश के मामले में सबसे अच्छी स्थिति बांदा और श्रावस्ती की है। इनमें स्वीकृत कुल 50-50 सीटों में से 49-49 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। दोनों में केवल एक-एक सीटें रिक्त हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर फर्रुखाबाद और महराजगंज है, जहां 50-50 सीटों में से केवल दो-दो खाली हैं। तीसरे नंबर पर इटावा, कुशीनगर, बलिया हैं। इटावा में 50 में 47 तथा बलिया एवं कुशीनगर में 100-100 सीटों के सापेक्ष 97-97 पर प्रवेश हुए हैं। इनमें तीन-तीन सीटें खाली हैं।

 इसके विपरीत मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, अमरोहा, बिजनौर, कन्नौज, औरैया, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, ललितपुर, वाराणसी में आधी से ज्यादा सीटें रिक्त हैं। इनमें अधिकांश में 200 सीटें सृजित हैं। इस तरह प्रदेश के डायट संस्थानों में कुल 10,600 सीटें हैं, जिनमें 7,198 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। 3,402 सीटें रिक्त रह गई हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि 2018 के बाद से बेसिक शिक्षक भर्ती नहीं आने से डीएलएड पाठ्यक्रम के प्रति आकर्षण कम हुआ है।

Friday, May 29, 2026

जून के पहले सप्ताह से यूपी डीएलएड के लिए आवेदन, 2.39 लाख सीटों पर होंगे दाखिले, विज्ञापन जल्द

जून के पहले सप्ताह से यूपी डीएलएड के लिए आवेदन, 
2.39 लाख सीटों पर होंगे दाखिले, विज्ञापन जल्द


प्रयागराज । सूबे में डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रशिक्षण 2026 (पूर्व बीटीसी) में दाखिले के लिए आवेदन जून के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। 


परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) की ओर से प्रवेश संबंधी प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि शासन से मंजूरी मिलते ही एक-दो दिन के भीतर विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 


लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से डीएलएड प्रवेश विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। इस बार करीब 2 लाख 39 हजार सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकारी और निजी कॉलेजों में दो वर्षीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से लिए जाएंगे।

Monday, May 4, 2026

टीईटी 2026: दूरस्थ डीएलएड अभ्यर्थियों ने आवेदन समय सीमा बढ़ाने की मांग की

टीईटी 2026: दूरस्थ डीएलएड अभ्यर्थियों ने आवेदन समय सीमा बढ़ाने की मांग की, अदालत के आदेश के बाद अभ्यर्थियों को मिला एक दिन का समय

04 मई 2026
प्रयागराज। दूरस्थ डीएलएड अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 की आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें आवेदन का समय भी कम मिला साथ ही सर्वर की दिक्कत के कारण भी कठिनाई सामने आई।

अभ्यर्थियों का कहना है कि दूरस्थ डीएलएड अभ्यर्थियों को टीईटी 2026 में शामिल करने के उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोग की ओर से समय पर व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। आयोग ने 2 मई की शाम को अखबारों में प्रकाशन के लिए विज्ञप्ति जारी की, जिसमें तीन मई तक आवेदन की अंतिम तिथि होने की बात कहीं गई।

इस कारण हजारों अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाए हैं। अभ्यर्थियों ने आवेदन की समय सीमा कम से कम तीन दिन बढ़ाने की मांग की है। देवरिया से पवन पाठक, जौनपुर से अश्वनी, वाराणसी से मनीष, गोरखपुर से सीमा आदि का कहना है कि रविवार की सुबह उन्हें जानकारी हुई, लेकिन सर्वर ही नहीं चल रहा है।

उधर, आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश से आच्छादित अभ्यर्थियों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट 30 अप्रैल को ही खोल दी गई थी। 



UPTET 2026 : दूरस्थ डीएलएड योग्यता वाले शिक्षक भी कर सकेंगे आवेदन, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के बाद सूचना जारी

2 मई 2026
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 में प्रदेश के लगभग 50 हजार से अधिक ऐसे शिक्षक जिन्होंने दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) के माध्यम से डीएलएड किया है, ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यह फैसला इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के 24 अप्रैल को पारित आदेश के बाद लिया है।

न्यायमूर्ति राजीव सिंह की एकल पीठ ने शुभम कुमार शुक्ला व 36 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया है। इसमें राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से 18 माह का डीएलएड (ओडीएल मोड) करने वाले शिक्षकों को अंतरिम राहत देते हुए टीईटी-2026 में शामिल होने की अनुमति प्रदान की गई है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय आने तक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

मामले की अगली सुनवाई 22 मई 2026 को निर्धारित की गई है। कोर्ट ने राज्य सरकार, परीक्षा आयोग और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश से आच्छादित अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तीन मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।




हाईकोर्ट के निर्णय से डीएलएड (ODL) अभ्यर्थी यूपी-टीईटी 2026 परीक्षा में प्रोविजिनल रूप से बैठ सकेंगे

24 अप्रैल 2026
लखनऊ। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने डीएलएड (ओडीएल) करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें यूपी-टीईटी 2026 में शामिल होने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे अभ्यर्थियों को फिलहाल (प्रोविजनल) रूप से परीक्षा में बैठने दिया जाए। स्पष्ट किया कि इनके चयन का मामला याचिका में पारित होने वाले अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। 


कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाबी हलफनामा भी मांगा है। अगली सुनवाई 22 मई को होगी। न्यायमूर्ति राजीव सिंह की एकल पीठ ने शुभम शुक्ला समेत 36 याचियों की याचिका पर यह आदेश पारित किया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि वे अभ्यर्थी, जो 10 अगस्त 2017 या उससे पहले से कार्यरत हैं।

Thursday, April 2, 2026

शिक्षक भर्ती नहीं आने के कारण डीएलएड से यूपी वालों का मोहभंग, बाहरियों में क्रेज, पिछले साल की तुलना में इस बार आधी सीटों पर हुआ प्रवेश

शिक्षक भर्ती नहीं आने के कारण डीएलएड से यूपी वालों का मोहभंग, बाहरियों में क्रेज, पिछले साल की तुलना में इस बार आधी सीटों पर हुआ प्रवेश

2024 से पहली बार गैर राज्य के अभ्यर्थियों को मौका

पहली बार 34124, दूसरी बार 37333 आवेदन


प्रयागराज। परिषदीय स्कूलों में 2018 के बाद से शिक्षक भर्ती नहीं आने का नतीजा सीधे तौर पर डीएलएड प्रवेश पर दिखने लगा है। आलम यह है कि डीएलएडके 2025 सत्र की कुल सीटों के सापेक्ष 40 प्रतिशत ही भरी जा सकी हैं। एक तरफ उत्तर प्रदेश के युवाओं का इस प्रशिक्षण से मोहभंग हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर गैर राज्यों (बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान आदि) के बेरोजगारों का रुझान बढ़ता दिखाई पड़ रहा है।


डीएलएड 2025 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया 28 मार्च को पूरी हुई है। प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की 10600 व 3,304 निजी एवं अल्पसंख्यक कॉलेजों की 2,28,900 कुल 2,39,500 सीटों में से महज 95817 (10309 अल्पसंख्यक) सीटें ही भरी जा सकी हैं। इनमें भी लगभग 30 फीसदी या 29 हजार सीटों पर दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया है। 


इस साल डीएलएड प्रवेश के लिए कुल 124230 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिनमें से 37333 दूसरे राज्यों के थे। इसके उलट डीएलएड के पिछले सत्र 2024 में तकरीबन दोगुने 191162 (11118 अल्पसंख्यक) अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया था। पिछले साल जब पहली बार गैर राज्य के अभ्यर्थियों के लिए डीएलएड में प्रवेश के दरवाजे के खोले गए थे तब 34124 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया था। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी के अनुसार डीएलएड की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस सत्र में 95817 प्रशिक्षुओं ने प्रवेश लिया है।

Monday, March 23, 2026

बिना भर्ती के अवसर की मांग करने की बीटीसी अभ्यर्थियों की याचिका खारिज

बिना भर्ती के अवसर की मांग करने की बीटीसी अभ्यर्थियों की याचिका खारिज

बेसिक शिक्षा की जब भी निकले भर्ती, उनके अभ्यर्थन पर विचार करने की थी मांग 

कोर्ट ने कहा, बिना विज्ञापन भविष्य की भर्ती के लिए निर्देश मांगना न्यायोचित नहीं

प्रयागराज । इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति को लेकर दाखिल बीटीसी अभ्यर्थियों की याचिका खारिज कर दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने सुनवाई के बाद दिया है। 


राजेश कुमार श्रीवास्तव व 23 अन्य याचियों की ओर से याचिका में यह प्रार्थना की गई थी कि जब भी बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा सहायक शिक्षक के पदों पर रिक्तियां निकाली जाएं, तब उनकी अभ्यर्थिता पर विचार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया जाए। 

सुनवाई के दौरान विपक्षी के अधिवक्ता ने कोर्ट को अवगत कराया कि बीटीसी प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की पात्रता, शिक्षण अनुभव के आधार पर वरीयता और आयु में छूट जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल विशेष अनुमति याचिका में विचाराधीन हैं। इसके अलावा अब तक किसी भी प्रकार की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।

याचियों की ओर से इस पर कोई ठोस प्रतिवाद नहीं किया गया। कोर्ट ने कहा कि बिना किसी विज्ञापन के भविष्य की संभावित भर्ती के लिए इस प्रकार का निर्देश मांगना न्यायोचित नहीं है। साथ ही याचिका पूरी तरह भ्रांतिपूर्ण है। कोर्ट ने इन्हीं आधारों पर याचिका को खारिज कर दिया।

Tuesday, March 17, 2026

डीएलएड की स्क्रूटनी के लिए आवेदन का आज अंतिम मौका

डीएलएड की स्क्रूटनी के लिए आवेदन का आज अंतिम मौका 

17 मार्च 2026


डीएलएड की स्क्रूटनी को 14 मार्च तक करें आवेदन

6 मार्च 2026
प्रयागराज। डीएलएड के विभिन्न बैच के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर परीक्षा के 25 फरवरी को घोषित परिणाम से असंतुष्ट प्रशिक्षु स्क्रूटनी के लिए 14 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि आवेदन पत्र की प्रति के साथ स्क्रूटनी फीस की मूल रसीद संलग्न कर 18 मार्च तक उपलब्ध कराएं। 

स्क्रूटनी के लिए प्रशिक्षुओं को प्रति विषय 150 रुपये फीस देनी होगी। डायट प्राचार्य एक से 15 मार्च तक आवेदन स्वीकार या अस्वीकार करेंगे। गौरतलब है कि 25 फरवरी को घोषित परिणाम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षु फेल हो गए थे। सर्वाधिक 101279 (57 प्रतिशत) प्रशिक्षु डीएलएड 2024 के प्रथम सेमेस्टर में फेल थे।



डीएलएड परीक्षा की स्क्रूटनी के लिए आज से आवेदन, जानिए! कैसे और कहां करें आवेदन

प्रयागराज । डीएलएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर परीक्षा वर्ष अक्टूबर व नवंबर 2025 की स्क्रूटनी के लिए आनलाइन आवेदन शनिवार से किए जा सकेंगे। उत्तर प्रदेश पीएनपी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने अंतिम तिथि 14 मार्च निर्धारित की है। आफलाइन आवेदन नहीं स्वीकार किए जाएंगे। प्रशिक्षण-2018, 2021 एवं 2023 बैच के अभ्यर्थी http://www.btcexam.in पर आवेदन करेंगे, जबकि 2019, 2022 एवं 2024 के अभ्यर्थियों को https://www.updeledexam.in के माध्यम से आवेदन करना होगा।


डीएलएड-2024 के प्रथम सेमेस्टर में आधे से अधिक परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण

परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने परीक्षाओं का घोषित किया परिणाम

1.84 लाख परीक्षार्थियों में से 43 फीसदी उत्तीर्ण, 3525 अनुपस्थित, 1334 का रिजल्ट अपूर्ण

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने डीएलएड प्रशिक्षण के विभिन्न बैच का अक्तूबर एवं नवंबर-2025 में आयोजित प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया।

जारी परिणाम के अनुसार, वर्ष-2024 के प्रथम सेमेस्टर के कुल 1,84,576 परीक्षार्थियों में से 78,125 ही सफल हुए हैं। इनमें से 3525 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि, 1334 परीक्षार्थियों का परिणाम अपूर्ण व 309 परीक्षार्थियों के परिणाम किसी कारण से रोके गए हैं।

इसी प्रकार, वर्ष 2017 के थर्ड सेमेस्टर का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इसमें एक परीक्षार्थी ही पंजीकृत था, जो कि सफल रहा। वहीं, वर्ष-2018, 2019, 2021, 2022 व 2023 के भी परिणाम घोषित किए गए हैं। परीक्षार्थी अपना परिणाम विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

जिन अभ्यर्थियों का परिणाम अपूर्ण है या रोका गया है, उनके प्रकरणों का परीक्षण किया जा रहा है। आवश्यक अभिलेखों एवं औपचारिकताओं की पूर्ति के बाद ऐसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा।